BIG Accident : कुरुक्षेत्र में श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 6 की मौत, 20 लोग घायल; गोगामेड़ी दर्शन के लिए जा रहे थे सभी

कुरुक्षेत्र। हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में गुरुवार को बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। यहां श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा कुरुक्षेत्र-कैथल रोड पर पिण्डारसी गांव के बस अड्डे के पास हुआ, जिसमें 6 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, सभी श्रद्धालु राजस्थान के गोगामेड़ी में दर्शन के लिए जा रहे थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
25 से 30 श्रद्धालु थे ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार
बताया जा रहा है कि श्रद्धालुओं का जत्था कलाल माजरा सेक्टर-30 क्षेत्र से गोगामेड़ी के लिए रवाना हुआ था। ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 25 से 30 लोग सवार थे। कुरुक्षेत्र-कैथल रोड पर पिण्डारसी गांव के पास अचानक ट्रैक्टर-ट्रॉली का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि कई श्रद्धालु ट्रॉली के नीचे दब गए और कुछ लोग सड़क पर जा गिरे।
मौके पर पहुंची पुलिस, घायलों को अस्पताल भेजा गया
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में 6 श्रद्धालुओं की मौत की पुष्टि हुई है। मृतकों के शवों को कुरुक्षेत्र के सरकारी अस्पताल भेजा गया है, जहां आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हादसे के कारणों की जांच जारी
फिलहाल ट्रैक्टर-ट्रॉली के पलटने की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों की टीम यह पता लगाने में जुटी है कि वाहन अनियंत्रित कैसे हुआ। प्रशासन की ओर से मृतकों की पहचान और उनके परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया जारी है। वहीं, घायल श्रद्धालुओं के इलाज पर भी नजर रखी जा रही है।
Source: Nishaanebaz


