रायपुर अनफिल्टर्ड से सामने आएंगी शहर और छत्तीसगढ़ की अनसुनी प्रेरक कहानियां
रायपुर। राजधानी रायपुर और छत्तीसगढ़ से जुड़ी प्रेरणादायक कहानियों, महत्वपूर्ण व्यक्तित्वों और समाज में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को डिजिटल माध्यम से लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने ‘रायपुर अनफिल्टर्ड’ पॉडकास्ट शुरू करने की पहल की है। इस पॉडकास्ट के जरिए शहर और प्रदेश की अनसुनी कहानियों को संवाद के माध्यम से सामने लाने की तैयारी की जा रही है।
पॉडकास्ट के शुभारंभ और इसकी रूपरेखा को लेकर रायपुर जिला कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के निर्देश पर नगर पालिक निगम रायपुर मुख्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में रायपुर नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा की विशेष उपस्थिति रही। इसके अलावा नगर निगम उपायुक्त डॉ. अंजली शर्मा सहित राहुल कुमार सिंह, अनुराधा दुबे, अर्चना जैन, असीम चंदेल और निष्ठा जोशी उपस्थित रहे।
बैठक में ‘रायपुर अनफिल्टर्ड’ पॉडकास्ट की संकल्पना, विषय-वस्तु, प्रस्तुति शैली और संभावित अतिथियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। पॉडकास्ट में रायपुर और छत्तीसगढ़ से जुड़ी ऐसी हस्तियों को शामिल किया जाएगा, जिनकी जीवन यात्रा, अनुभव और सामाजिक योगदान शहर तथा प्रदेश की पहचान और विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।
‘रायपुर अनफिल्टर्ड’ के माध्यम से शहर के विकास, कला-संस्कृति, सामाजिक बदलाव, नागरिक अनुभवों और रायपुर से जुड़ी अनसुनी कहानियों को भी लोगों के सामने लाया जाएगा। इसका उद्देश्य केवल बातचीत को डिजिटल प्लेटफॉर्म तक पहुंचाना नहीं, बल्कि शहर की महत्वपूर्ण स्मृतियों और अनुभवों को व्यवस्थित तरीके से दस्तावेजीकृत करना भी है।
पॉडकास्ट की रिकॉर्डिंग नालंदा परिसर स्थित कला केंद्र के रिकॉर्डिंग स्टूडियो में की जाएगी। जिला प्रशासन की इस पहल के जरिए रायपुर की विविध सामाजिक, सांस्कृतिक और बौद्धिक विरासत को आधुनिक डिजिटल माध्यम से संरक्षित करने की दिशा में कदम बढ़ाया जा रहा है।
‘रायपुर अनफिल्टर्ड’ के जरिए शहर की उन आवाजों और कहानियों को एक मंच मिलने की उम्मीद है, जो आम तौर पर सार्वजनिक चर्चा से दूर रह जाती हैं। यह पहल आने वाली पीढ़ियों के लिए रायपुर और छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण कहानियों को डिजिटल रूप में संरक्षित करने में भी उपयोगी साबित हो सकती है।
The post रायपुर अनफिल्टर्ड से सामने आएंगी शहर और छत्तीसगढ़ की अनसुनी प्रेरक कहानियां appeared first on Ekhabri.com.
Source: Ekhabri


