Raipur News : नशा मुक्त भारत पदयात्रा में शामिल हुए CM साय, बोले- नशे के खिलाफ अभियान को मिलेगा जनसमर्थन

रायपुर। राजधानी रायपुर में आयोजित नशा मुक्त भारत पदयात्रा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। सीएम साय ने देवेंद्र नगर ब्रिज से लाल चौक तक पदयात्रा कर लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। इस दौरान विधायक पुरंदर मिश्रा और राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
PM मोदी के जन्मदिन और सेवा वर्ष के मौके पर हो रहे कार्यक्रम
पदयात्रा के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में नशा मुक्त भारत अभियान सप्ताह के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत देशभर में 13 तरह के कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जो 2 अक्टूबर तक जारी रहेंगे।
पुरंदर मिश्रा लंबे समय से चला रहे हैं नशा मुक्ति अभियान
मुख्यमंत्री साय ने विधायक पुरंदर मिश्रा के प्रयासों का जिक्र करते हुए कहा कि वे पिछले करीब 27 वर्षों से नशा मुक्ति को लेकर पदयात्रा कर रहे हैं। सीएम ने कहा कि वे पहले भी इस अभियान से जुड़े हैं और हजारों लोगों को नशे की आदत छोड़ने के लिए प्रेरित किया गया है।
पहलगाम मामले पर CM साय का बयान
पहलगाम मामले के मुख्य आरोपी के एनकाउंटर को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार नए भारत की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि भारत किसी को छेड़ता नहीं है, लेकिन जो देश को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करेगा, उसे छोड़ा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्रवाई में समय लग सकता है, लेकिन अन्याय नहीं होगा।
विपक्ष की बैठक और रैली को लेकर साधा निशाना
छत्तीसगढ़ गठबंधन की बैठक और दिल्ली में 2 नवंबर को प्रस्तावित रैली को लेकर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि विपक्ष होने के नाते वे अपनी गतिविधियां करते रहेंगे।
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी कथनी और करनी में अंतर है और इसी वजह से जनता का भरोसा कम हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि लगातार चुनावों में हार के बाद विपक्ष अपनी जिम्मेदारी के बजाय आरोप लगाता है।
Source: Nishaanebaz


