CGPSC के पूर्व चेयरमैन टामन सोनवानी को VIP सुविधा देने पर जेल प्रहरी निलंबित, रायपुर जेल प्रशासन की कार्रवाई

रायपुर। केंद्रीय जेल रायपुर में बंद छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) के पूर्व चेयरमैन टामन सोनवानी को VIP सुविधा मिलने के मामले में जेल प्रशासन ने कार्रवाई की है। अस्पताल में सोनवानी के परिजनों से बिना हथकड़ी और बिना प्रहरी की मौजूदगी में बातचीत का वीडियो वायरल होने के बाद एक जेल प्रहरी को निलंबित कर दिया गया है।
जेल प्रशासन ने निगरानी में तैनात तीन प्रहरियों की भूमिका की जांच की थी। इसके बाद संदीप कुमार माहेश्वरी को निलंबित किया गया है, जबकि अन्य दो प्रहरियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए उनके संबंधित जेल अधीक्षकों को पत्र भेजा गया है।
तीन प्रहरियों की लगी थी ड्यूटी
जानकारी के मुताबिक, टामन सोनवानी की सुरक्षा और निगरानी के लिए जेल प्रहरी संदीप कुमार माहेश्वरी, नागेंद्र कुमार महतो और पवन कुमार लहरे की ड्यूटी लगाई गई थी।
वीडियो सामने आने के बाद जेल प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। जांच में लापरवाही सामने आने पर संदीप कुमार माहेश्वरी के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई।
मंगोड़ी सेंटर पर छापेमारी, नशीला सामान और नकदी बरामद
इसी बीच केंद्रीय जेल रायपुर के बाहर संचालित मंगोड़ी सेंटर पर जेल प्रशासन ने दबिश देकर बड़ी मात्रा में नशीला सामान बरामद करने का दावा किया है। कार्रवाई के दौरान करीब 72 हजार रुपये नकद, 400 पैकेट सितार गुटखा, गांजा, नशीली गोलियां, तंबाकू और दो मोबाइल फोन जब्त किए जाने की जानकारी सामने आई है।
जेल प्रशासन के अनुसार यह कार्रवाई मंगोड़ी सेंटर संचालक राजेश वर्मा के खिलाफ की गई है। आरोप है कि सेंटर से नशीले पदार्थों की सप्लाई जेल के अंदर किए जाने की आशंका थी।
जेल प्रहरी के पास से भी मिला तंबाकू
जांच के दौरान जेल प्रहरी मन्नत पुरैना के पास से भी तंबाकू के 15 पैकेट मिलने की जानकारी सामने आई है। जेल प्रशासन ने संबंधित कर्मचारियों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। मामले की आगे जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की बात कही गई है।
जेल प्रशासन ने सख्ती बढ़ाई
टामन सोनवानी VIP सुविधा मामले और नशीले सामान की बरामदगी के बाद रायपुर केंद्रीय जेल प्रशासन ने निगरानी व्यवस्था को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। अधिकारियों का कहना है कि जेल परिसर और उससे जुड़े क्षेत्रों में अनियमितताओं को रोकने के लिए लगातार जांच और कार्रवाई जारी रहेगी।
Source: Nishaanebaz


