भण्डारपुरी धाम में मुख्यमंत्री साय की बड़ी घोषणाएं, 29 करोड़ के सड़क कार्यों का भूमिपूजन
रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आरंग विकासखंड स्थित भण्डारपुरी धाम में आयोजित गुरु दर्शन एवं संत समागम मेले में शामिल होकर क्षेत्र को विकास कार्यों की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने लगभग 29 करोड़ रुपये की लागत वाले तीन सड़क विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इसके साथ ही चार निर्माण कार्यों के लिए राशि देने और अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण मद से 40 स्थानों पर लकड़ी के जैतखाम स्थापित करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री साय ने भण्डारपुरी धाम में गुरुगद्दी आसन के दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि संत शिरोमणि बाबा गुरु घासीदास जी के सत्य, अहिंसा, करुणा, समानता और सामाजिक समरसता के संदेश आज भी पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनका संदेश ‘मनखे-मनखे एक समान’ भेदभाव से ऊपर उठकर प्रेम, सद्भाव और समानता के साथ जीवन जीने की सीख देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भण्डारपुरी धाम सतनाम पंथ की आस्था का प्रमुख केंद्र होने के साथ छत्तीसगढ़ की समृद्ध सामाजिक और सांस्कृतिक विरासत का भी महत्वपूर्ण प्रतीक है। गुरु दर्शन एवं संत समागम मेला सामाजिक एकता, सद्भाव और आस्था की गौरवशाली परंपरा को मजबूत करता है। राज्य सरकार बाबा गुरु घासीदास जी के आदर्शों पर चलते हुए प्रत्येक वर्ग के कल्याण और प्रदेश के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि सतनामी समाज की शैक्षणिक, सामाजिक और आर्थिक प्रगति के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दिल्ली स्थित कोचिंग संस्थान में सीटों की संख्या 100 से बढ़ाकर 200 कर दी गई है। मुख्यमंत्री ने भण्डारपुरी में मोती महल के भूमिपूजन का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार समाज की आस्था, संस्कृति और गौरव से जुड़े स्थलों के विकास एवं संरक्षण के लिए भी कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस संकल्प को पूरा करने के लिए विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण भी आवश्यक है। उन्होंने प्रदेशवासियों से बाबा गुरु घासीदास जी के आदर्शों को अपनाने, सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने और राज्य के विकास में सहभागी बनने का आह्वान किया।
तीन सड़क परियोजनाओं पर 28.96 करोड़ रुपये खर्च होंगे

मुख्यमंत्री ने कुल 28 करोड़ 96 लाख 82 हजार रुपये की लागत वाले तीन सड़क विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इनमें 8 करोड़ 31 लाख 5 हजार रुपये की लागत से मोहंदी-अड़सेना मार्ग के चार किलोमीटर हिस्से का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण किया जाएगा। वहीं, नरदहा में 3 करोड़ 30 लाख 78 हजार रुपये की लागत से दो किलोमीटर लंबे आंतरिक मार्ग का निर्माण किया जाएगा।
इसके अलावा 17 करोड़ 34 लाख 99 हजार रुपये की लागत से 29 किलोमीटर लंबे छतौना-दरबा-कूटेसर-बड़गांव-कुंडा-नारा-लखौली मार्ग का डामर नवीनीकरण किया जाएगा। इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र में आवागमन सुविधाजनक होगा और ग्रामीण क्षेत्रों के बीच सड़क संपर्क बेहतर होने की उम्मीद है।
स्कूलों और नगर पंचायतों के लिए चार विकास कार्यों की घोषणा
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब की मांग पर चार निर्माण कार्यों के लिए राशि देने की घोषणा की। ग्राम पंचायत खमतराई में हाई स्कूल भवन निर्माण के लिए 75 लाख रुपये, नगर पंचायत आरंग के ओड़का में नए प्राथमिक शाला भवन के लिए 30 लाख रुपये और नगरपालिका परिषद मंदिर हसौद के पीएम श्री स्कूल में विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए एक करोड़ रुपये दिए जाएंगे।
इसी तरह चंदखुरी में नगर पंचायत कार्यालय के नए भवन के निर्माण के लिए 85 लाख रुपये देने की घोषणा की गई। इसके साथ ही अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण मद से 40 स्थानों पर लकड़ी के जैतखाम स्थापित किए जाएंगे। इन घोषणाओं का उद्देश्य क्षेत्र में शैक्षणिक सुविधाओं और स्थानीय निकायों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना है।
सतनामी समाज के विकास को लेकर जताई प्रतिबद्धता
तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सतनामी समाज निरंतर विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि समाज की ओर से रखी गई विकास संबंधी मांगों पर मुख्यमंत्री ने संवेदनशीलता के साथ विचार किया है। भण्डारपुरी में मोती महल का भूमिपूजन और दिल्ली में प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग के लिए सीटों की संख्या बढ़ाकर 200 करना समाज की सांस्कृतिक विरासत और युवाओं के भविष्य के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
गुरु घासीदास जी के आदर्श अपनाने का आह्वान
सतनामी समाज के धर्मगुरु बालदास साहेब ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि बाबा गुरु घासीदास जी ने समानता, सत्य, सद्भाव और मानवता का संदेश देकर समाज को नई दिशा दिखाई। उन्होंने समाज के लोगों से उनके विचारों और आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा सामाजिक एकता को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा, तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू, राजिम विधायक रोहित साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि, सतनामी समाज के संत, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
The post भण्डारपुरी धाम में मुख्यमंत्री साय की बड़ी घोषणाएं, 29 करोड़ के सड़क कार्यों का भूमिपूजन appeared first on Ekhabri.com.
साभार: Ekhabri


