डुंडेरा की बच्ची को मिला नया जीवन, सुन सकेगी दुनिया को
रायपुर। राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम डुंडेरा की नन्हीं बच्ची जीविका के जीवन में अब एक नई शुरुआत होने जा रही है। जन्म से श्रवण बाधिता से जूझ रही जीविका अब दुनिया की आवाजें सुन सकेगी। यह संभव हो पाया है राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके-चिरायु) और एम्स रायपुर के विशेषज्ञों के संयुक्त प्रयास से।
आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-1, डुंडेरा में नियमित स्वास्थ्य जांच के दौरान आरबीएसके टीम-ए, डोंगरगढ़ ने जीविका की समस्या को समय रहते पहचान लिया। टीम ने तत्परता दिखाते हुए आवश्यक चिकित्सकीय जांच कराई और विशेषज्ञों से परामर्श के बाद उसे एम्स रायपुर रेफर किया।
एम्स रायपुर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा जीविका का सफल कॉक्लियर इम्प्लांट किया गया। अब नियमित स्पीच थेरेपी और पुनर्वास के माध्यम से वह धीरे-धीरे सुनने और बोलने की क्षमता विकसित कर सकेगी। इससे वह सामान्य बच्चों की तरह अपनी जिंदगी जीने की ओर अग्रसर होगी।
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत बच्चों में जन्मजात विकार, पोषण संबंधी समस्याएं, विकास में देरी और अन्य गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान कर निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाता है। जरूरत पड़ने पर बच्चों को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर कर आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं भी सुनिश्चित की जाती हैं।
जीविका की यह कहानी बताती है कि समय पर पहचान और सही उपचार से बच्चों का भविष्य संवारा जा सकता है। डोंगरगढ़ की आरबीएसके टीम की सजगता और समन्वित प्रयासों ने एक बच्ची के जीवन में नई उम्मीद जगा दी है। अब उसके घर में सिर्फ मुस्कान ही नहीं, बल्कि आवाजों की नई दुनिया भी गूंजेगी।
The post डुंडेरा की बच्ची को मिला नया जीवन, सुन सकेगी दुनिया को appeared first on Ekhabri.com.
Source: Ekhabri


