सिंगापुर पहुंचे विष्णु देव साय, वैश्विक निवेशकों के सामने रखेंगे छत्तीसगढ़
रायपुर। छत्तीसगढ़ में निवेश की नई संभावनाओं को विस्तार देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शनिवार को सिंगापुर पहुंचे। सिंगापुर पहुंचने पर भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले ने मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया।
भारत सरकार के विदेश मंत्रालय ने प्रथम SING Forum 2026 में सहभागिता के लिए छत्तीसगढ़ को नामित किया है। सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ को अपनी उपलब्धियों, विकास की संभावनाओं और निवेश के अवसरों को वैश्विक निवेशकों के सामने प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय SING Forum 2026 में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे। फोरम के दौरान आयोजित CEO राउंडटेबल में वे सिंगापुर के प्रमुख निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा करेंगे। इस दौरान छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं और विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों को प्रमुखता से सामने रखा जाएगा।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार नई औद्योगिक नीति, प्रचुर प्राकृतिक संसाधनों, मजबूत अधोसंरचना, कुशल मानव संसाधन और उभरते क्षेत्रों में उपलब्ध संभावनाओं के माध्यम से छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख निवेश गंतव्यों में स्थापित करने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि वैश्विक निवेश मानचित्र पर छत्तीसगढ़ की मजबूत पहचान बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।
SING Forum 2026 में मुख्यमंत्री की सहभागिता के माध्यम से छत्तीसगढ़ की विकास क्षमता और निवेश के अवसरों को अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के सामने रखने का अवसर मिलेगा। सिंगापुर में होने वाली चर्चाओं के जरिए राज्य में नए निवेश और औद्योगिक सहयोग की संभावनाओं को भी आगे बढ़ाने पर जोर रहेगा।
The post सिंगापुर पहुंचे विष्णु देव साय, वैश्विक निवेशकों के सामने रखेंगे छत्तीसगढ़ appeared first on Ekhabri.com.
साभार: Ekhabri


