राष्ट्रीय पहचान की ओर बढ़ा नवा रायपुर, Ginger Hotel परियोजना को मिली मंजूरी
नवा रायपुर अटल नगर अब प्रशासनिक राजधानी के साथ-साथ बिजनेस, पर्यटन, निवेश और हॉस्पिटैलिटी डेस्टिनेशन के रूप में भी अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। इसी कड़ी में नवा रायपुर में देश की प्रमुख हॉस्पिटैलिटी कंपनी इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड (IHCL) अपने प्रतिष्ठित Ginger Hotel की स्थापना करने जा रही है। 111 कमरों वाला यह होटल ब्राउनफील्ड परियोजना के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए IHCL ने ECHT Ventures के साथ साझेदारी की है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि नवा रायपुर में प्रतिष्ठित हॉस्पिटैलिटी कंपनी IHCL का Ginger Hotel लाना छत्तीसगढ़ के प्रति निवेशकों के बढ़ते विश्वास और नवा रायपुर की मजबूत होती राष्ट्रीय पहचान का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नवा रायपुर को आधुनिक, सुविधायुक्त और निवेश के अनुकूल शहर के रूप में विकसित करने के लिए लगातार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश-विदेश से आने वाले निवेशकों, उद्यमियों, प्रोफेशनल्स और पर्यटकों के लिए बेहतर हॉस्पिटैलिटी सुविधाओं का विस्तार नवा रायपुर में आर्थिक गतिविधियों को नई गति देगा। नवा रायपुर अब केवल प्रशासनिक राजधानी तक सीमित नहीं है, बल्कि निवेश, शिक्षा, रोजगार, पर्यटन और आधुनिक सेवाओं के प्रमुख केंद्र के रूप में तेजी से विकसित हो रहा है।
वित्त एवं आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि नवा रायपुर में Ginger Hotel का आगमन शहर के तेजी से विकसित हो रहे बिजनेस और हॉस्पिटैलिटी इकोसिस्टम को और मजबूती देगा। विश्वस्तरीय संस्थानों, निवेश परियोजनाओं और कॉर्पोरेट गतिविधियों के विस्तार के साथ गुणवत्तापूर्ण आवास एवं आतिथ्य सुविधाओं की मांग भी लगातार बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि नवा रायपुर में निवेश करने वाले उद्यमियों के साथ-साथ देश-विदेश से आने वाले प्रतिनिधियों और पर्यटकों को आधुनिक एवं सुविधाजनक इकोसिस्टम उपलब्ध कराया जाए। Ginger जैसे प्रतिष्ठित ब्रांड की परियोजना नवा रायपुर की बदलती तस्वीर और शहर में मौजूद निवेश की संभावनाओं को रेखांकित करती है।
प्रस्तावित Ginger Nava Raipur में 111 कमरे होंगे। होटल में आधुनिक और सुविधाजनक कमरे, Ginger का सिग्नेचर ऑल-डे डाइनिंग रेस्टोरेंट Qmin, मीटिंग रूम और फिटनेस सेंटर जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। होटल को व्यावसायिक यात्रियों के साथ-साथ पर्यटन और अवकाश के लिए नवा रायपुर आने वाले यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित किया जाएगा।
नवा रायपुर में Ginger Hotel की स्थापना से शहर के हॉस्पिटैलिटी सेक्टर को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही बिजनेस गतिविधियों, पर्यटन और निवेश के विस्तार को भी गति मिल सकती है। प्रतिष्ठित राष्ट्रीय ब्रांड की इस परियोजना को नवा रायपुर के तेजी से विकसित होते आधुनिक शहरी और व्यावसायिक इकोसिस्टम की महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में देखा जा रहा है।
The post राष्ट्रीय पहचान की ओर बढ़ा नवा रायपुर, Ginger Hotel परियोजना को मिली मंजूरी appeared first on Ekhabri.com.
Source: Ekhabri


