रायपुर में वायु गुणवत्ता सुधार को लेकर मरीन ड्राइव पर जागरूकता अभियान
रायपुर। रायपुर नगर पालिक निगम जोन 3 क्षेत्र में वायु गुणवत्ता सुधार और वायु प्रदूषण के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से जनजागरूकता अभियान चलाया गया। तेलीबांधा तालाब मरीन ड्राइव क्षेत्र में निगम की टीम ने जागरूकता रैली निकालकर नागरिकों को स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया।
रायपुर नगर पालिक निगम की महापौर मीनल चौबे और नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर आयोजित इस अभियान का संचालन जोन 3 की जोन कमिश्नर प्रीति सिंह के मार्गदर्शन में किया गया। अभियान में जोन स्वास्थ्य अधिकारी, स्वच्छता निरीक्षक और स्वच्छता दीदियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
जागरूकता रैली के दौरान वायु गुणवत्ता सुधार, वायु प्रदूषण के दुष्प्रभाव और प्रदूषण कम करने के उपायों को लेकर आम लोगों को जानकारी दी गई। निगम की टीम ने नागरिकों से स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
इसी क्रम में रायपुर नगर निगम जोन 3 अंतर्गत वार्ड क्रमांक 33 स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक कन्या शाला तेलीबांधा में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां स्वच्छता निरीक्षक और स्वच्छता दीदियों ने प्रधान पाठक एवं शिक्षकों की उपस्थिति में विद्यार्थियों को वायु प्रदूषण के कारण, उसके स्वास्थ्य एवं पर्यावरण पर पड़ने वाले प्रभाव तथा इससे बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी।
विद्यार्थियों को वायु गुणवत्ता सुधार में व्यक्तिगत और सामुदायिक स्तर पर निभाई जा सकने वाली जिम्मेदारियों के बारे में भी जागरूक किया गया। निगम के इस अभियान का उद्देश्य नागरिकों और विद्यार्थियों को वायु प्रदूषण के प्रति सजग बनाते हुए स्वच्छ एवं स्वस्थ रायपुर के निर्माण में जनभागीदारी बढ़ाना है।
The post रायपुर में वायु गुणवत्ता सुधार को लेकर मरीन ड्राइव पर जागरूकता अभियान appeared first on Ekhabri.com.
Source: Ekhabri


