बस्तर बाढ़ संकट के बीच एक्शन में केदार कश्यप, अधिकारियों को निर्देश
रायपुर। छत्तीसगढ़ के वन मंत्री केदार कश्यप ने बस्तर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर जमीनी हालात का जायजा लिया। उन्होंने घोटिया और नारायणपाल पहुंचकर बाढ़ की स्थिति, राहत एवं बचाव कार्यों तथा प्रभावित लोगों के लिए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए राहत कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
केदार कश्यप ने अधिकारियों से कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य लगातार प्रभावी रूप से संचालित किए जाएं। प्रभावित परिवारों की जरूरतों का विशेष ध्यान रखते हुए उन्हें समय पर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि संकट की स्थिति में लोगों की सुरक्षा और आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता में किसी भी स्तर पर कमी नहीं होनी चाहिए।
बस्तर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करने के बाद वन मंत्री ने जगदलपुर टाउन हॉल में बनाए गए राहत शिविर का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उनकी समस्याओं एवं जरूरतों के संबंध में जानकारी ली।
राहत शिविर में केदार कश्यप ने प्रभावित परिवारों के लिए उपलब्ध कराई जा रही व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने नाश्ता, भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाओं और आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि शिविर में रह रहे लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
वन मंत्री ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा कि राहत शिविरों में भोजन, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाएं सुचारु रूप से उपलब्ध रहें। प्रभावित परिवारों की जरूरत के अनुसार तत्काल सहायता पहुंचाने और आवश्यक व्यवस्थाओं को लगातार बेहतर बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए।
केदार कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संकट की इस घड़ी में बाढ़ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा रहना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन पूरी गंभीरता से काम कर रहा है।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के निरीक्षण के दौरान जगदलपुर के महापौर संजय पांडे सहित संबंधित अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
The post बस्तर बाढ़ संकट के बीच एक्शन में केदार कश्यप, अधिकारियों को निर्देश appeared first on Ekhabri.com.
Source: Ekhabri


