पैरा एशियन गेम्स का आगाज: प्रमोद भगत और सिमरन शर्मा ने थामा तिरंगा, 168 भारतीय खिलाड़ी 11 खेलों में दिखाएंगे दम

जापान। जापान के आइची-नागोया में रविवार को पांचवें पैरा एशियन गेम्स की ओपनिंग सेरेमनी हुई। जापान के सम्राट नारुहितो ने खेलों की आधिकारिक शुरुआत की घोषणा की। समारोह में पैरा-बैडमिंटन खिलाड़ी प्रमोद भगत और धाविका सिमरन शर्मा ने भारतीय दल की अगुआई करते हुए तिरंगा थामा। ये खेल 24 अक्टूबर तक चलेंगे, जिनमें 45 देशों के करीब 3,000 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
भारतीय दल की पोशाक रही खास
‘परेड ऑफ नेशंस’ के दौरान भारतीय खिलाड़ियों की पोशाक आकर्षण का केंद्र रही। सभी सदस्यों ने गहरे नीले रंग के ब्लेजर पहने थे। इन पर सिंधु घाटी सभ्यता से प्रेरित सुनहरे डिजाइन बनाए गए थे। इनमें ‘प्रीस्ट-किंग’ की मूर्ति, ‘डांसिंग गर्ल’ की आकृति और प्राचीन मुहरों को जगह दी गई थी। ब्लेजर की जेब पर दिल के पास तिरंगा लगा था, जबकि कॉलर पर ‘सप्तसिंधु’ को सम्मान दिया गया था।
281 सदस्यीय दल में 168 खिलाड़ी
भारत ने इन खेलों के लिए 281 सदस्यीय दल भेजा है। इसमें 168 खिलाड़ी शामिल हैं, जिनमें 112 पुरुष और 56 महिलाएं हैं। भारतीय खिलाड़ी 11 खेलों में चुनौती पेश करेंगे। दल में 98 टीम अधिकारी और सपोर्ट स्टाफ के सदस्य, जबकि 15 कॉन्टिजेंट स्टाफ के सदस्य भी शामिल हैं। भारतीय खिलाड़ी पिछले प्रदर्शन को बेहतर बनाने और अलग-अलग खेलों में पदक जीतने के इरादे से उतरेंगे।
भाविना पटेल की जगह सिमरन बनीं ध्वजवाहक
समारोह से ठीक पहले भारतीय दल के ध्वजवाहकों में बदलाव किया गया। पैरालिंपिक कमेटी ऑफ इंडिया ने शुरुआत में प्रमोद भगत और पैरा-टेबल टेनिस खिलाड़ी भाविना पटेल को ध्वजवाहक बनाने का फैसला किया था। बाद में भाविना की जगह सिमरन शर्मा को चुना गया, ताकि भाविना सोमवार, 19 अक्टूबर को होने वाले अपने क्वार्टर फाइनल मुकाबले से पहले आराम कर सकें।
45 देशों के खिलाड़ी ले रहे हिस्सा
एशियन पैरालिंपिक कमेटी के अध्यक्ष माजिद राशिद ने कहा कि इस बार पैरा एशियन गेम्स में पहली बार एशिया के सभी 45 देशों की भागीदारी होगी। उन्होंने खिलाड़ियों की उपलब्धियों और बाधाओं को पार कर खेलों तक पहुंचने के उनके प्रयासों की सराहना की।
24 अक्टूबर तक होंगे मुकाबले
पैरा एशियन गेम्स में 18 खेलों के मुकाबले होंगे। इनमें पैरा एथलेटिक्स, पैरा स्विमिंग, पैरा पावरलिफ्टिंग और बोच्चिया शामिल हैं। हालांकि, कुछ खेलों के शुरुआती मुकाबले उद्घाटन समारोह से पहले ही शुरू हो चुके थे। शुक्रवार को जापान ने पुरुष और महिला व्हीलचेयर बास्केटबॉल के शुरुआती मुकाबलों में जीत दर्ज की। शनिवार को भारत की पुरुष और महिला गोलबॉल टीमों ने क्रमशः कतर और थाईलैंड को हराया। खेलों का समापन 24 अक्टूबर को होगा।
साभार: Asian News Bharat


