गुवाहाटी में वेस्टइंडीज का तूफान, तीन शतक के दम पर भारत को दिया 406 का टारगेट, रवींद्र जडेजा, कुलदीप और गुरनूर ने झटक दो-दो विकेट

वेस्टइंडीज ने बनाया 405/7 का स्कोर
गुवाहाटी: गुवाहाटी में भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरे वनडे में कैरेबियाई टीम ने इतिहास रच दिया। वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 7 विकेट पर 405 रन बनाए। भारत के सामने अब जीत के लिए 406 रन का लक्ष्य है। यह वनडे क्रिकेट में वेस्टइंडीज का सबसे बड़ा स्कोर है। टीम ने पहली बार इस फॉर्मेट में 400 रन का आंकड़ा पार किया।
तीन बल्लेबाजों ने जड़े शतक
वेस्टइंडीज की पारी की सबसे बड़ी खासियत तीन शतक रहे। आमिर जांगू ने सबसे ज्यादा 114 रन बनाए। कप्तान शाई होप ने 104 और जॉन कैंपबेल ने 102 रन की शानदार पारी खेली। कैंपबेल ने होप के साथ दूसरे विकेट के लिए 110 रन जोड़े। इसके बाद जांगू और होप ने तीसरे विकेट के लिए 182 रन की बड़ी साझेदारी की।
आखिरी ओवरों में भी तेजी से बने रन
होप के आउट होने के बाद रोस्टन चेज ने नाबाद 29 रन बनाए। शमार जोसेफ 14 रन बनाकर नाबाद रहे। केसी कार्टी ने 9, अल्जारी जोसेफ ने 8 और कीमो पॉल ने 3 रन बनाए। भारत की ओर से गुरनूर बरार, कुलदीप यादव और रवींद्र जडेजा ने 2-2 विकेट लिए, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा को एक सफलता मिली।
अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा
405/7 के स्कोर के साथ वेस्टइंडीज ने अपना पिछला वनडे रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। इससे पहले उसका सबसे बड़ा स्कोर 389 रन था, जो उसने इंग्लैंड के खिलाफ बनाया था। इसके अलावा आयरलैंड के खिलाफ 385/7 और नीदरलैंड के खिलाफ 374/6 का स्कोर भी उसके बड़े स्कोर में शामिल था।
Source: Nishaanebaz

