Surajpur Tiger Skin Smuggling : सूरजपुर में बाघ की खाल के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, वन विभाग ने खरीदार बनकर किया बड़ा खुलासा

Surajpur Tiger Skin Smuggling : सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में वन्यजीव तस्करी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। राष्ट्रीय पशु बाघ की खाल की तस्करी के प्रयास का भंडाफोड़ करते हुए वन विभाग ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से बाघ की खाल, पैंगोलिन (Pengolin) के शल्क (स्केल्स) तथा हथियार भी बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, वन विभाग को मध्यप्रदेश वाइल्ड क्राइम कंट्रोल ब्यूरो से क्षेत्र में सक्रिय वन्यजीव तस्करी नेटवर्क की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर सूरजपुर वन विभाग ने दो विशेष टीमों का गठन किया और तस्करों तक पहुंचने के लिए खरीदार बनकर संपर्क किया।

योजना के तहत वन विभाग की टीम ने सौदेबाजी के दौरान आरोपियों को रंगे हाथों दबोच लिया। कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से बाघ की खाल, पैंगोलिन के शल्क और कुछ हथियार बरामद किए गए।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, बरामद बाघ की खाल करीब 5 से 6 महीने पुरानी है। आरोपी इसे ऊंची कीमत पर बेचने की फिराक में थे। प्रारंभिक पूछताछ में तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
वन विभाग का कहना है कि वन्यजीव तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। मामले में आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है और पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।
Source: Asian News Bharat


