CM Yogi Ayodhya Visit : रामलला के दरबार पहुंचे सीएम योगी, हनुमानगढ़ी में लिया आशीर्वाद; नए CEO से की मुलाकात

अयोध्या। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को अयोध्या पहुंचे, जहां उन्होंने सबसे पहले हनुमानगढ़ी मंदिर में पहुंचकर बजरंगबली के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद मुख्यमंत्री श्रीराम जन्मभूमि मंदिर पहुंचे और रामलला के दर्शन कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना की।
राम मंदिर परिसर में मुख्यमंत्री का स्वागत मंदिर के नवनियुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) जितेंद्र मिश्र ने किया। दर्शन-पूजन के बाद सीएम योगी ने मंदिर परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों और श्रद्धालुओं से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
राम मंदिर की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं को दी जा रही सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों और मंदिर प्रबंधन से जुड़े लोगों को निर्देश दिए कि अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी न हो।
सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या अब वैश्विक स्तर के धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित हो रही है, इसलिए यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।
हनुमानगढ़ी में की पूजा-अर्चना
मुख्यमंत्री का काफिला आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सम्मान समारोह के बाद सीधे हनुमानगढ़ी पहुंचा। यहां उन्होंने पारंपरिक तरीके से पूजा कर बजरंगबली का आशीर्वाद लिया।
सीएम के दौरे को देखते हुए अयोध्या में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया था। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस और प्रशासन की टीमें पूरी तरह अलर्ट रहीं।
मंदिर CEO जितेंद्र मिश्र से हुई मुलाकात
श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के नए CEO जितेंद्र मिश्र ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। इस दौरान मंदिर संचालन, श्रद्धालुओं की सुविधा और भविष्य की व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में चल रहे विभिन्न कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए उन्हें समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
वाराणसी से शुरू होगा राष्ट्रीय पोषण माह अभियान
अयोध्या दौरे के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को वाराणसी जाएंगे, जहां वह राष्ट्रीय पोषण माह-2026 का शुभारंभ करेंगे। वाराणसी के रुद्राक्ष अंतरराष्ट्रीय सहयोग एवं सम्मेलन केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में सीएम योगी ‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ अभियान की शुरुआत करेंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के मंत्री और प्रदेश सरकार के कई मंत्री शामिल होंगे।
‘सही पोषण, देश रोशन’ थीम पर चलेगा अभियान
इस वर्ष राष्ट्रीय पोषण माह की थीम ‘सही पोषण, देश रोशन’ रखी गई है। अभियान के तहत गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं, बच्चों, किशोरियों और परिवारों को पोषण, स्वास्थ्य और बेहतर देखभाल को लेकर जागरूक किया जाएगा।
सरकार का उद्देश्य पोषण अभियान के माध्यम से कुपोषण को कम करना और आंगनबाड़ी केंद्रों को मजबूत बनाना है। इसके तहत स्वास्थ्य, पोषण और महिला-बाल विकास से जुड़ी योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने पर जोर दिया जाएगा।
Source: Nishaanebaz


