CG News : जंगल में नक्सलियों का डम्प बरामद, ऑटोमैटिक हथियारों और विस्फोटक सामग्री का जखीरा मिला

CG News : सुकमा। जिले में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को अहम सफलता मिली है। किस्टाराम थाना क्षेत्र के दुर्गम पालाचलमा जंगल में तलाशी के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियारों और विस्फोटक सामग्री का डम्प बरामद किया गया। जब्त सामग्री में ऑटोमैटिक हथियार, राउंड, बीजीएल सेल, तीर बम और वायरलेस सेट सहित अन्य सामान शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक, आत्मसमर्पित नक्सलियों से प्राप्त खुफिया इनपुट के आधार पर सुरक्षा बलों ने 12 अक्टूबर को अभियान चलाया। जंगल में सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों के छिपाए गए डम्प का पता चला। इसके बाद मौके से हथियारों और विस्फोटक सामग्री को बरामद किया गया।
यह कार्रवाई सुकमा एसपी मयंक गुर्जर और एएसपी रोहित शाह के मार्गदर्शन में चलाए गए संयुक्त अभियान के तहत की गई। दुर्गम जंगलों में तलाशी के दौरान मिली इस बरामदगी को नक्सलियों के हथियार और संसाधन जुटाने के नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
साभार: Asian News Bharat


