CG Crime : नशे में पति बना हैवान, पत्नी की कुल्हाड़ी और लोहे के पाइप से हत्या, बच्चों ने भागकर बचाई जान

CG Crime : सूरजपुर। जिले में घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। कोतवाली थाना क्षेत्र के सतपता (सतकरा) गांव में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर नशे की हालत में अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के दौरान घर में मौजूद तीन बच्चों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पारिवारिक विवाद के बाद पत्नी पर कुल्हाड़ी, लोहे के पाइप और फावड़े से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में महिला के शरीर पर कई गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि घटना के समय घर में मौजूद तीनों बच्चे किसी तरह वहां से भाग निकले और आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और वारदात के पीछे की वास्तविक वजह की जांच की जा रही है।
Source: Asian News Bharat


