CG Crime : महादेव बेटिंग ऐप मामले में CBI की बड़ी कार्रवाई, दुबई से लौटते ही अभिषेक कुमार गिरफ्तार

CG Crime : रायपुर। महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने वांटेड आरोपी अभिषेक कुमार को गिरफ्तार किया है। CBI ने उसे दुबई से भारत लौटने के बाद हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पकड़ा। गिरफ्तारी के बाद उसे स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से CBI को तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड मिली। इसके बाद रायपुर कोर्ट में पेश करने पर आरोपी को दो दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा गया।
महादेव बुक के संचालन में भूमिका का आरोप
CBI के मुताबिक, जांच में अभिषेक कुमार की महादेव बुक से जुड़े बेटिंग पैनलों के समन्वय, फंड कलेक्शन और ऑनलाइन बेटिंग गतिविधियों में भूमिका सामने आई है। एजेंसी का यह भी आरोप है कि उसने अवैध कमाई से दुबई में अचल संपत्तियां हासिल कीं।
गिरफ्तारी के बाद की गई तलाशी में कुछ आपत्तिजनक सामग्री बरामद होने की बात CBI ने कही है। एजेंसी के अनुसार, यह सामग्री प्रथमदृष्टया महादेव बेटिंग ऐप के संचालन में उसकी भूमिका और मुख्य आरोपियों सौरभ चंद्राकर और शुभम सोनी के साथ उसके कथित संबंधों की ओर इशारा करती है।
13 FIR से जुड़ी जांच CBI के पास
महादेव बेटिंग ऐप से जुड़े छत्तीसगढ़ के अलग-अलग थानों में दर्ज 13 FIR की जांच CBI को सौंपी गई थी। एजेंसी के मुताबिक, अब तक मामले में 100 आरोपियों के खिलाफ 8 चार्जशीट दाखिल की जा चुकी हैं। इनमें कथित मुख्य प्रमोटर, पैनल ऑपरेटर, हवाला ऑपरेटर और कुछ सरकारी लोक सेवकों के नाम शामिल हैं।
CBI के अनुसार, मामले में फरार आरोपियों की तलाश जारी है। मुख्य प्रमोटरों को भारत लाने के लिए अब तक 7 रेड कॉर्नर नोटिस और 2 प्रत्यर्पण प्रस्ताव भेजे जा चुके हैं, जबकि दो आरोपियों के खिलाफ प्रत्यर्पण प्रक्रिया जारी है।
अभिषेक कुमार की दो दिन की पुलिस रिमांड के दौरान CBI अब कथित बेटिंग नेटवर्क, फंड ट्रांजैक्शन और अन्य आरोपियों से जुड़े पहलुओं पर पूछताछ कर रही है।
Source: Nishaanebaz


