Bihar News : गुप्ता धाम जाते समय नहर में गिरी बाइक, असम राइफल्स के जवान और बेटी लापता, तलाश जारी

Bihar News : रोहतास। बिहार के रोहतास जिले में गुप्ता धाम की यात्रा पर निकले असम राइफल्स के जवान और उनकी बेटी नहर में डूब गए। हादसा संझौली थाना क्षेत्र के रामपुर के पास हुआ, जहां बाइक अनियंत्रित होकर नहर की छोटी पुलिया से टकरा गई। टक्कर के बाद बाइक सवार पिता-पुत्री गहरे पानी में जा गिरे। घटना के बाद से दोनों की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, असम राइफल्स में तैनात राम प्रकाश राम कुछ दिनों की छुट्टी लेकर घर आए हुए थे। वे अपनी बेटी सलोनी कुमारी को बाइक पर बैठाकर धार्मिक स्थल गुप्ता धाम जा रहे थे। बताया जा रहा है कि तिलई गांव से आगे रामपुर के पास पहुंचने पर अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और नहर की छोटी पुलिया से जा टकराई। हादसे में बाइक समेत दोनों नहर के गहरे पानी में गिर गए।
हादसा देखकर आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने तत्काल संझौली थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू कराया।
पिता-पुत्री की तलाश के लिए स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीण युवकों की मदद ली जा रही है। नहर में तेज बहाव और पानी का अधिक स्तर होने के कारण तलाशी अभियान में मुश्किलें आ रही हैं।
समाचार लिखे जाने तक जवान राम प्रकाश राम और उनकी बेटी सलोनी कुमारी का कोई पता नहीं चल सका था। गोताखोर लगातार दोनों की तलाश में जुटे हुए हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Source: Asian News Bharat


