Babatpur Airport: बाबतपुर एयरपोर्ट पर लाइसेंसी पिस्टल से चली गोली, 2 सुरक्षा कर्मी घायल; मुंबई जा रहा था यात्री

Babatpur Airport: वाराणसी: बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रविवार सुबह हथियार की जांच के दौरान अचानक गोली चल गई। हादसे में एयरपोर्ट की सुरक्षा जांच करने वाली एजेंसी के दो स्क्रीनर्स घायल हो गए। घटना सुबह करीब 9:30 बजे की बताई जा रही है। गोली चलने के बाद टर्मिनल भवन में अफरातफरी मच गई।
मुंबई जाने वाली फ्लाइट से करना था सफर
एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता के अनुसार, IX-1810 से मुंबई जाने वाला एक यात्री अपनी पत्नी के साथ यात्रा कर रहा था। यात्री ने लाइसेंसी हथियार को विमान में ले जाने के लिए पहले ही घोषित किया था। सुरक्षा कर्मी हथियार की जांच कर रहे थे। इसी दौरान पिस्टल से एक राउंड फायर हो गया।
महिला कर्मचारी के पैर में लगी गोली
डीसीपी गोमती जोन नीतू कादयान ने बताया कि लाइसेंसी पिस्टल की जांच और राउंड की काउंटिंग के दौरान आकस्मिक फायर हुआ। फायर से निकला राउंड चेकिंग कर रही महिला कर्मचारी के पैर और पास खड़े दूसरे कर्मचारी के अंगूठे में लगा। दोनों को तत्काल न्यू लक्ष्मी ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया।
एयरपोर्ट पर सुरक्षा बढ़ाई गई
घटना की सूचना मिलते ही सीआईएसएफ और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायलों का इलाज शुरू किया गया। अधिकारियों के मुताबिक पिस्टल लोडेड थी। पुलिस यात्री से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि जांच के दौरान हथियार से गोली किन परिस्थितियों में चली।
घायलों की पहचान
सूत्रों के अनुसार घायल महिला का नाम सुमन कुमारी और युवक का नाम रोहित राज है। घटना में घायल कर्मचारियों की स्थिति और गोली चलने की वास्तविक वजह की जांच जारी है।
Source: Asian News Bharat


