कॉमनवेल्थ गेम्स में ज्ञानेश्वरी यादव ने जीता रजत पदक, बढ़ाया देश का मान
रायपुर, 27 जुलाई 2026।कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में महिलाओं की 53 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में छत्तीसगढ़ की प्रतिभाशाली खिलाड़ी ज्ञानेश्वरी यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे प्रदेश में हर्ष का माहौल है और देश का गौरव अंतरराष्ट्रीय मंच पर और अधिक बढ़ा है।
https://x.com/i/status/2081771732382462270
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ज्ञानेश्वरी यादव को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने कहा कि यह सफलता केवल एक खिलाड़ी की व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ संकल्प का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ज्ञानेश्वरी यादव ने यह सिद्ध कर दिया है कि यदि प्रतिभा के साथ समर्पण, अनुशासन और निरंतर परिश्रम जुड़ जाए, तो वैश्विक मंच पर भी सफलता हासिल की जा सकती है। उनकी इस उपलब्धि से प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों को खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए नई प्रेरणा मिलेगी।
उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकार खेल संस्कृति को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण, बेहतर सुविधाएँ और आवश्यक प्रोत्साहन प्रदान किया जा रहा है, ताकि छत्तीसगढ़ के युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।
मुख्यमंत्री ने ज्ञानेश्वरी यादव के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वे आने वाले समय में भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करती रहेंगी।
The post कॉमनवेल्थ गेम्स में ज्ञानेश्वरी यादव ने जीता रजत पदक, बढ़ाया देश का मान appeared first on Ekhabri.com.
Source: Ekhabri


