रायगढ़ में विकास कार्यों की धीमी रफ्तार पर सख्ती, समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश
रायगढ़/रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ शहर में विकास कार्यों को गति देने और नागरिक सुविधाओं का विस्तार करने के लिए वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने सोमवार को विभिन्न निर्माण एवं विकास परियोजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और परियोजनाओं में नागरिकों की सुविधाओं तथा भविष्य की जरूरतों को प्राथमिकता दी जाएगी।
वित्त मंत्री ने जोगीडीपा में निर्माणाधीन कैनाल लिंक रोड, बोइरदादर स्टेडियम में बन रहे स्विमिंग पूल और एथलेटिक ट्रैक, प्रगतिनगर मरीन ड्राइव, फटहामुड़ा एवं मिट्ठूमुड़ा तालाबों के सौंदर्यीकरण और किसान राइस मिल परिसर में विकसित किए जा रहे ऑक्सीजोन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा की जानकारी ली। उन्होंने नियमित निरीक्षण और प्रभावी निगरानी के माध्यम से विकास कार्यों को बेहतर बनाने पर जोर दिया।
# कैनाल लिंक रोड से बेहतर होगी रायगढ़ की कनेक्टिविटी
जोगीडीपा में निर्माणाधीन कैनाल लिंक रोड का निरीक्षण करते हुए वित्त मंत्री ने निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। यह सड़क केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड को न्यू और ओल्ड मरीन ड्राइव रोड से जोड़ेगी। इसके निर्माण से शहर के विभिन्न क्षेत्रों के बीच आवागमन आसान होने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने सड़क निर्माण से संबंधित सीमांकन सहित आवश्यक प्रक्रियाओं को जल्द पूरा करने तथा सड़क निर्माण और सौंदर्यीकरण के कार्यों के बीच समन्वय बनाए रखने को कहा।
# बोइरदादर स्टेडियम में मिलेंगी आधुनिक खेल सुविधाएं
बोइरदादर स्टेडियम में ओलंपिक मानक के स्विमिंग पूल, सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक और स्केटिंग रिंग के निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया गया। वित्त मंत्री ने इन परियोजनाओं को प्राथमिकता देते हुए काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने एथलेटिक ट्रैक पर जमा मलबा हटाने और स्टेडियम परिसर को व्यवस्थित रखने के लिए भी कहा।
ओपी चौधरी ने कहा कि रायगढ़ के खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं और बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराना आवश्यक है। खेल अधोसंरचना का विकास खिलाड़ियों की वास्तविक जरूरतों को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए। उन्होंने खिलाड़ियों की समस्याओं और सुझावों पर ध्यान देने के साथ स्टेडियम परिसर में ओपन जिम जैसी सुविधाएं विकसित करने पर भी जोर दिया।
# फटहामुड़ा और मिट्ठूमुड़ा तालाबों का होगा सौंदर्यीकरण
रायगढ़ के तालाबों को स्वच्छ, सुंदर और नागरिकों के लिए उपयोगी सार्वजनिक स्थल बनाने के उद्देश्य से चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों की भी समीक्षा की गई। फटहामुड़ा तालाब परिसर में पाथवे, गार्डन, ओपन जिम, पचरी, फाउंटेन और आकर्षक प्रकाश व्यवस्था विकसित की जा रही है। इन सुविधाओं के तैयार होने से स्थानीय नागरिकों को सुबह-शाम घूमने, व्यायाम करने और मनोरंजन के लिए बेहतर स्थान मिलेगा।
मिट्ठूमुड़ा तालाब परिसर में प्रवेश मार्ग, पार्किंग, पार्क, पाथवे, ओपन जिम सहित विभिन्न नागरिक सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। वित्त मंत्री ने निर्देश दिए कि इन कार्यों को समग्र योजना के तहत पूरा किया जाए और निर्माण के दौरान सीपेज जैसी समस्याओं से बचने के लिए विशेष सावधानी बरती जाए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने। मिट्ठूमुड़ा में नागरिकों की मांग पर उन्होंने मंदिर निर्माण के लिए 1 लाख 50 हजार रुपये की सहायता देने की बात कही।
# मरीन ड्राइव और ऑक्सीजोन से बढ़ेंगी नागरिक सुविधाएं
वित्त मंत्री ने प्रगतिनगर मरीन ड्राइव में चल रहे विकास कार्यों का जायजा लेने के बाद किसान राइस मिल परिसर में विकसित किए जा रहे ऑक्सीजोन का निरीक्षण किया। यहां नागरिकों के लिए ओपन जिम, पाथवे और योग केंद्र सहित विभिन्न सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि शहर में हरित क्षेत्रों का विस्तार और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने वाली सुविधाओं का विकास जरूरी है। ऑक्सीजोन जैसे स्थल नागरिकों को हरित एवं स्वास्थ्यवर्धक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ योग, व्यायाम और मनोरंजन के लिए भी उपयोगी साबित होंगे।
# विकसित छत्तीसगढ़ में रायगढ़ की होगी अहम भूमिका
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि रायगढ़ के विकास कार्यों की नियमित समीक्षा और स्थल निरीक्षण उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। रायगढ़ प्रवास के दौरान वे जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विभिन्न परियोजनाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लेते हैं, ताकि निर्माण कार्यों की प्रगति का आकलन किया जा सके और जरूरी सुधार समय पर किए जा सकें।
उन्होंने कहा कि रायगढ़ लंबे समय से राजस्व के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ को महत्वपूर्ण योगदान देता रहा है। अब प्रयास है कि शहर शिक्षा, खेल, अधोसंरचना, पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक नागरिक सुविधाओं के क्षेत्र में भी अपनी अलग पहचान बनाए। जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के समन्वित प्रयासों से रायगढ़ को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का लक्ष्य है, ताकि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में शहर महत्वपूर्ण भूमिका निभा सके।
निरीक्षण के दौरान महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्री लाल साहू, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्षद, गणमान्य नागरिक तथा नगर निगम एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
The post रायगढ़ में विकास कार्यों की धीमी रफ्तार पर सख्ती, समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश appeared first on Ekhabri.com.
साभार: Ekhabri


