Raipur City Crime : बीमारी और अनहोनी का डर दिखाकर महिला से ठगी, फर्जी बाबा 15 तोला सोना और नकदी लेकर फरार

Raipur City Crime : रायपुर। राजधानी रायपुर के फाफाडीह इलाके में पूजा-पाठ के नाम पर महिला से लाखों रुपये के सोने के जेवर और नकदी ठगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि साधु के वेश में पहुंचे तीन लोगों ने महिला को बीमारी और पारिवारिक परेशानियां दूर करने का झांसा दिया। इसके बाद अलग-अलग समय पर करीब 15 तोला (150 ग्राम) सोने के जेवर और 9 हजार रुपये नकद ले लिए।
पुलिस के मुताबिक, जयलक्ष्मी कॉम्प्लेक्स निवासी नैना से मार्च 2026 में तीन लोगों ने संपर्क किया था। इनमें से एक आरोपी ने महिला की बीमारी और आंखों से जुड़ी कुछ ऐसी बातें बताईं, जो सही निकलीं। इससे महिला का आरोपियों पर भरोसा बढ़ गया। इसके बाद आरोपियों ने पूजा-पाठ के जरिए बीमारी और पारिवारिक परेशानियां खत्म करने का दावा किया।
कुछ समय बाद आरोपियों ने पूजा के नाम पर महिला से सोने के जेवर लेना शुरू कर दिया। पहली बार करीब 3 ग्राम की सोने की अंगूठी और 9 हजार रुपये लिए गए। करीब 10-12 दिन बाद 5 ग्राम की सोने की चेन ले ली गई। इसके बाद भी आरोपी अलग-अलग अंतराल में महिला के घर पहुंचते रहे और पूजा के नाम पर जेवर लेते रहे। इस तरह करीब 150 ग्राम सोना आरोपियों ने ले लिया।
ठगी का सबसे बड़ा हथियार आरोपियों ने महिला का डर बनाया। उन्होंने धमकी दी कि यदि जेवर देने की बात किसी को बताई तो परिवार में किसी की मौत या बड़ी अनहोनी हो सकती है। डर के चलते महिला ने कई महीनों तक पूरी बात परिवार से छिपाए रखी।
बताया गया कि 7 सितंबर से आरोपी लगातार फोन कर और जेवर व नकदी की मांग करने लगे। इसके बाद महिला को शक हुआ कि उसके साथ ठगी की जा रही है। आखिरकार 25 सितंबर की रात उसने अपने पति जसवंत परमार को पूरी घटना बताई। इसके बाद गंज थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
पुलिस ने मामले में BNS की धारा 318(4) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। अब पुलिस महिला के पास आए फोन कॉल्स और अन्य सुरागों के आधार पर तीनों आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी किसी संगठित गिरोह से जुड़े हैं या नहीं।
Source: Nishaanebaz


