जशपुर में बनेगा आधुनिक फुटबॉल स्टेडियम, सरकार ने मंजूर किए 5.49 करोड़
जशपुर। जशपुर जिले में खेल अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में बड़ी पहल की गई है। जिला मुख्यालय जशपुर में आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित फुटबॉल स्टेडियम के निर्माण के लिए छत्तीसगढ़ शासन ने 5 करोड़ 49 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रयासों से मिली इस स्वीकृति को जिले में खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरूण साव के मार्गदर्शन में विभाग ने स्टेडियम निर्माण के लिए प्रशासनिक मंजूरी प्रदान की है।
आधुनिक फुटबॉल स्टेडियम के निर्माण से जशपुर जिले के खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं और प्रशिक्षण का वातावरण उपलब्ध होगा। इससे स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता निखारने के साथ जिला स्तर से आगे बढ़कर राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी पहचान बनाने का बेहतर अवसर मिलेगा।
जशपुर जिले में फुटबॉल के प्रति युवाओं और खिलाड़ियों में लंबे समय से विशेष उत्साह देखा जाता है। ऐसे में आधुनिक स्टेडियम के निर्माण से जिले में फुटबॉल गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है। यहां नियमित प्रशिक्षण, प्रतियोगिताओं और विभिन्न खेल आयोजनों के लिए बेहतर अधोसंरचना उपलब्ध हो सकेगी।
इस परियोजना से जशपुर में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलने के साथ युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा विकसित करने के लिए आवश्यक सुविधाएं भी मिलेंगी। आधुनिक खेल अधोसंरचना तैयार होने से जिले में फुटबॉल को नए स्तर पर ले जाने की संभावनाएं बढ़ेंगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा जशपुर जिले में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और खेल सुविधाओं के विस्तार पर लगातार जोर दिया जा रहा है। फुटबॉल स्टेडियम के निर्माण के लिए 5.49 करोड़ रुपये की स्वीकृति इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे जशपुर जिले में खेल अधोसंरचना को नया आयाम मिलने की उम्मीद है।
The post जशपुर में बनेगा आधुनिक फुटबॉल स्टेडियम, सरकार ने मंजूर किए 5.49 करोड़ appeared first on Ekhabri.com.
Source: Ekhabri


