144 खिलाड़ियों की दावेदारी, 1 अक्टूबर को खेल कौशल से होगा अंतिम फैसला
रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले में संचालित गैर-आवासीय खेल अकादमियों में प्रवेश के लिए दो दिवसीय चयन ट्रायल शुरू हो गया है। फुटबॉल, तीरंदाजी, हॉकी और एथलेटिक्स अकादमी में नवीन प्रवेश और नवीनीकरण के लिए आयोजित चयन प्रक्रिया के पहले दिन खिलाड़ियों का पंजीयन, दस्तावेज सत्यापन, शारीरिक दक्षता और चिकित्सकीय परीक्षण किया गया।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अनुसार, चारों गैर-आवासीय अकादमियों में चयन के लिए कुल 144 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है। विभागीय अधिकारियों और विशेषज्ञ प्रशिक्षकों की देखरेख में खिलाड़ियों की प्रारंभिक जांच और परीक्षण की प्रक्रिया पूरी की गई।
पहले दिन खिलाड़ियों की शारीरिक दक्षता का भी आकलन किया गया। इसके तहत ऊंचाई और वजन के साथ वर्टिकल जंप, 30 मीटर दौड़, शटल रन, बॉल थ्रो, 800 मीटर दौड़ और सीट-अप जैसी विभिन्न शारीरिक गतिविधियों में खिलाड़ियों की क्षमता जांची गई।
चयन ट्रायल के दूसरे दिन 1 अक्टूबर को पंजीकृत खिलाड़ियों के खेल कौशल का परीक्षण किया जाएगा। इसमें फुटबॉल, तीरंदाजी, हॉकी और एथलेटिक्स से जुड़े खिलाड़ियों के संबंधित खेलों में प्रदर्शन और तकनीकी क्षमता का आकलन किया जाएगा।
खेल कौशल परीक्षण के बाद खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर चयन समिति द्वारा अंतिम निर्णय लिया जाएगा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का संबंधित गैर-आवासीय खेल अकादमियों में प्रशिक्षण के लिए चयन किया जाएगा।
The post 144 खिलाड़ियों की दावेदारी, 1 अक्टूबर को खेल कौशल से होगा अंतिम फैसला appeared first on Ekhabri.com.
Source: Ekhabri


