सारंगढ़ की प्रियंका गोस्वामी को मिलेगा मुक्तिबोध राज्य स्मृति सम्मान 2026
रायपुर। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के लिए गौरव का विषय है कि शिक्षिका एवं साहित्यकार प्रियंका गोस्वामी का चयन प्रतिष्ठित गजानन माधव मुक्तिबोध राज्य स्मृति सम्मान 2026 के लिए किया गया है। शिक्षा, साहित्य और नवाचार के क्षेत्र में उनके निरंतर एवं उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए शिक्षक दिवस के अवसर पर रायपुर स्थित राजभवन में राज्यपाल द्वारा उन्हें इस प्रतिष्ठित सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।
प्रियंका गोस्वामी इससे पहले वर्ष 2025 में राज्य शिक्षक सम्मान से भी सम्मानित हो चुकी हैं। उन्होंने शिक्षण कार्य को पारंपरिक कक्षा तक सीमित न रखते हुए नवाचार आधारित शिक्षा को बढ़ावा दिया। इसके साथ ही साहित्य के माध्यम से सामाजिक जागरूकता और सकारात्मक सोच को प्रोत्साहित करने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
दूरस्थ क्षेत्रों में जरूरतमंद और वंचित बच्चों तक शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करने के साथ उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया। उनके प्रयासों में बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ खेल, कला, साहित्य, सांस्कृतिक गतिविधियों, डिजिटल शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं से जोड़ना प्रमुख रहा है।
विद्यालय में उन्होंने विद्यार्थियों में पढ़ने की आदत विकसित करने, आत्मविश्वास बढ़ाने, नेतृत्व क्षमता को मजबूत करने और रचनात्मक लेखन के लिए प्रेरित करने की दिशा में लगातार कार्य किया। बच्चों की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के लिए उचित मंच और अवसर उपलब्ध कराने पर भी उनका विशेष जोर रहा है।
प्रियंका गोस्वामी विद्यालयीन शिक्षा में समयबद्धता और अनुशासन को महत्वपूर्ण मानती हैं। इसके साथ ही विद्यार्थियों में नैतिक, सामाजिक और मानवीय मूल्यों को विकसित करने के लिए विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से प्रयास करती रही हैं। उनका मानना है कि शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन नहीं, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व और भविष्य का निर्माण भी है।
प्रियंका गोस्वामी का मानना है कि हर बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है। जरूरत केवल उस प्रतिभा को सही समय पर पहचानने और उसे आगे बढ़ने के लिए उचित अवसर देने की है। उनकी इसी सोच ने शिक्षण को नवाचार, रचनात्मकता और विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
मुक्तिबोध राज्य स्मृति सम्मान 2026 के लिए चयन की खबर से सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में हर्ष का माहौल है। इस उपलब्धि पर कलेक्टर, जिला शिक्षा अधिकारी, स्थानीय साहित्यकारों, जनप्रतिनिधियों और सहयोगियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रियंका गोस्वामी को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
The post सारंगढ़ की प्रियंका गोस्वामी को मिलेगा मुक्तिबोध राज्य स्मृति सम्मान 2026 appeared first on Ekhabri.com.
Source: Ekhabri


