सरगुजा संभाग में सड़कों का होगा कायाकल्प, 44 परियोजनाओं को 1093 करोड़ मंजूर
रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन ने सरगुजा संभाग में सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए बड़ा फैसला लिया है। संभाग के सभी छह जिलों सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर-रामानुजगंज, कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर और जशपुर में 44 मुख्य सड़क कार्यों के लिए कुल 1,093.73 करोड़ रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है।
इन सड़क परियोजनाओं के तहत नई सड़कों का निर्माण, सड़क चौड़ीकरण, डामरीकरण, सुदृढ़ीकरण और फोरलेन निर्माण के साथ आवश्यक स्थानों पर पुल-पुलिया का निर्माण किया जाएगा। इन कार्यों से संभाग के ग्रामीण, वनांचल और सीमावर्ती क्षेत्रों में आवागमन और कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
सरगुजा जिले में अम्बिकापुर विधानसभा क्षेत्र के लरंगसाय चौक से रामानुजगंज मार्ग के 5 किलोमीटर हिस्से के फोरलेन चौड़ीकरण के लिए 69.10 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। वहीं गांधी चौक से रेलवे स्टेशन तक 5 किलोमीटर फोरलेन निर्माण के लिए 61.34 करोड़ रुपए की मंजूरी मिली है। लुण्ड्रा और सीतापुर क्षेत्र में असकला-दोरना मार्ग, सोनतराई-मैनपाट मार्ग समेत विभिन्न सड़कों और पुल-पुलियों के सुदृढ़ीकरण के कार्य भी किए जाएंगे। सोनतराई-मैनपाट मार्ग के लिए 26.33 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं।
सूरजपुर जिले में भटगांव विधानसभा क्षेत्र के तारा-प्रेमनगर-रामानुजनगर-कृष्णपुर 63 किलोमीटर मार्ग के लिए 64.93 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं। इसके अलावा कल्याणपुर-लटोरी मार्ग के लिए 40.93 करोड़ रुपए, विशुनपुर-सूरजपुर-ओड़गी मार्ग के लिए 32.24 करोड़ रुपए और सूरजपुर के 17 किलोमीटर रिंग रोड के सुदृढ़ीकरण के लिए 16.39 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। जिले के अन्य महत्वपूर्ण मार्गों पर भी सड़क निर्माण और सुधार कार्य होंगे।
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में परसवार से चलगली 18 किलोमीटर उन्नयन मार्ग के लिए 38.80 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है। वाड्रफनगर-जनकपुर-बलंगी मार्ग के लिए 35.32 करोड़ रुपए और कामेश्वरनगर-लुरगी मार्ग के लिए 25.69 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं। इन परियोजनाओं से जिले के दूरस्थ और सीमावर्ती क्षेत्रों तक आवागमन सुगम होने की उम्मीद है।
जशपुर जिले में लुड़ेग-बागबहार-तपकरा-लवाकेरा 55.80 किलोमीटर राज्य मार्ग के सुदृढ़ीकरण के लिए 40.32 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। पत्थलगांव के पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क उन्नयन के लिए 36.85 करोड़ रुपए और बतौली-बगीचा-चरईडांड मार्ग के लिए 34.44 करोड़ रुपए की मंजूरी मिली है।
इन सड़क परियोजनाओं का असर केवल आवागमन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इससे क्षेत्र की आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है। बेहतर सड़क कनेक्टिविटी से किसानों को अपने कृषि उत्पाद बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी और स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलने की संभावना है।
सड़क अधोसंरचना में सुधार से दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान होगी। विद्यार्थियों को स्कूल और कॉलेज पहुंचने में सुविधा मिलेगी, वहीं मरीजों को स्वास्थ्य केंद्रों और अस्पतालों तक पहुंचने में कम समय लगेगा।
बेहतर सड़क नेटवर्क से गांवों तक सरकारी योजनाओं और प्रशासनिक सेवाओं की पहुंच भी तेज होगी। खासकर दूरस्थ और सीमावर्ती इलाकों में कनेक्टिविटी मजबूत होने से विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।
कुल 1,093.73 करोड़ रुपए की लागत वाली 44 सड़क परियोजनाओं को सरगुजा संभाग के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इन कार्यों से सड़क नेटवर्क मजबूत होने के साथ निवेश, व्यापार, रोजगार और नागरिक सुविधाओं को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।
The post सरगुजा संभाग में सड़कों का होगा कायाकल्प, 44 परियोजनाओं को 1093 करोड़ मंजूर appeared first on Ekhabri.com.
Source: Ekhabri


