लिंगराज मंदिर पहुंचे CM साय, छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि के लिए की पूजा
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को भुवनेश्वर प्रवास के दौरान प्रसिद्ध भगवान लिंगराज मंदिर पहुंचकर सपत्नीक दर्शन-पूजन किया। उन्होंने विधि-विधान से भगवान लिंगराज की पूजा-अर्चना कर छत्तीसगढ़ के नागरिकों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भगवान लिंगराज के दर्शन और उनकी पावन भूमि पर आने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। मंदिर परिसर की दिव्यता और आध्यात्मिक वातावरण मन को असीम शांति और सकारात्मक ऊर्जा से भर देता है। उन्होंने भगवान लिंगराज से छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति तथा प्रदेश के प्रत्येक परिवार के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने लिंगराज मंदिर की भव्य स्थापत्य कला की प्रशंसा करते हुए कहा कि भारत के प्राचीन मंदिर केवल आस्था के केंद्र नहीं हैं, बल्कि हजारों वर्षों पुरानी सभ्यता, संस्कृति और अद्भुत शिल्प परंपरा के जीवंत प्रतीक भी हैं। लिंगराज मंदिर की भव्यता और उत्कृष्ट वास्तुकला सनातन संस्कृति की समृद्ध विरासत और भारत की प्राचीन स्थापत्य परंपरा का सुंदर परिचय कराती है।
उन्होंने कहा कि ओडिशा और छत्तीसगढ़ भौगोलिक रूप से पड़ोसी राज्य होने के साथ-साथ सांस्कृतिक और आध्यात्मिक रूप से भी गहराई से जुड़े हुए हैं। दोनों राज्यों की लोक परंपराओं, आस्था और सांस्कृतिक विरासत में कई समानताएं देखने को मिलती हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह की यात्राएं दोनों राज्यों की साझा सांस्कृतिक चेतना और आपसी आत्मीय संबंधों को और मजबूत करती हैं। लिंगराज मंदिर की यात्रा के दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों की खुशहाली और छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति के लिए भगवान लिंगराज का आशीर्वाद मांगा।
The post लिंगराज मंदिर पहुंचे CM साय, छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि के लिए की पूजा appeared first on Ekhabri.com.
Source: Ekhabri


