राजनांदगांव की सड़क परियोजनाओं में गड़बड़ी की शिकायत पर जांच समिति गठित
रायपुर। राजनांदगांव-खैरागढ़ मुख्य मार्ग के नवीनीकरण एवं उन्नयन कार्य तथा राजनांदगांव-मोहला-मानपुर सड़क परियोजनाओं में कथित गुणवत्ताहीन निर्माण और भ्रष्टाचार की शिकायत को लोक निर्माण विभाग ने गंभीरता से लिया है। शिकायत की जांच के लिए विभाग ने चार वरिष्ठ अधिकारियों की जांच समिति गठित की है।
लोक निर्माण विभाग के अनुसार जांच समिति सड़क निर्माण कार्यों के विभिन्न तकनीकी और प्रशासनिक पहलुओं की जांच करेगी। समिति को शिकायत से जुड़े सभी बिंदुओं की पड़ताल कर तीन दिनों के भीतर प्रमुख अभियंता को अपनी रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
जांच समिति में मुख्य अभियंता व्ही.एस. कोरम, अधीक्षण अभियंता राजीव नशीने तथा कार्यपालन अभियंता प्रभात सक्सेना और सी.एस. ओगरे को शामिल किया गया है।
जांच के दौरान राजनांदगांव-खैरागढ़ सड़क और राजनांदगांव-मोहला-मानपुर सड़क परियोजनाओं में उपयोग की गई निर्माण सामग्री और तकनीकी मानकों की भी पड़ताल की जाएगी। समिति जीएसबी (GSB), डब्ल्यूएमएम (WMM), सब-ग्रेड, डामरीकरण और बिटुमिन की मात्रा की जांच करेगी।
इसके अलावा सड़क की मोटाई, घनत्व, ग्रेडेशन, लेवल और अंडुलेशन सहित अन्य तकनीकी मानकों का प्रयोगशाला परीक्षण भी कराया जाएगा। विभाग का उद्देश्य निर्माण कार्यों की वास्तविक गुणवत्ता का तकनीकी परीक्षण कर शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्थिति स्पष्ट करना है।
समिति निर्माण कार्य की गुणवत्ता के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और कार्यपालन एजेंसी की भूमिका की भी जांच करेगी। जांच पूरी होने तक संबंधित कार्यों के भुगतान पर रोक लगाने की आवश्यकता पर भी समिति अपनी रिपोर्ट में सुझाव देगी।
यदि जांच में निर्माण कार्य में गुणवत्ता से समझौता, वित्तीय अनियमितता या भ्रष्टाचार की पुष्टि होती है, तो संबंधित अधिकारियों या एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी। इसके अलावा डोंगरगांव-कुमरदा सहित उन स्थानों पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा, जहां सड़क को उखाड़कर छोड़ दिया गया है।
समिति ऐसे स्थानों पर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए तत्काल मरम्मत, चेतावनी संकेत और वैकल्पिक यातायात व्यवस्था किए जाने के संबंध में भी अपनी रिपोर्ट देगी। अब सभी की नजरें तीन दिनों के भीतर प्रमुख अभियंता को सौंपी जाने वाली जांच रिपोर्ट पर रहेंगी।
The post राजनांदगांव की सड़क परियोजनाओं में गड़बड़ी की शिकायत पर जांच समिति गठित appeared first on Ekhabri.com.
साभार: Ekhabri


