ममता हुई कलंकित, बच्चों को लगातार प्रताड़ित करती थी मां, बच्चों की लिखित शिकायत के बाद हुई गिरफ्तारी
बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिला मुख्यालय में ममता को कलंकित करने वाला मामला सामने आया है। इस मामले के उजागर होने से हर कोई चकित है, यहां शासकीय प्राथमिक शाला ग्राम परसदा में पदस्थ प्रधानपाठिका शबाना बानो को बालोद कोतवाली पुलिस ने अपने ही दोनों नाबालिग बच्चों के साथ क्रूर मारपीट और अमानवीय प्रताड़ना के गंभीर आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।
महिला शिक्षिका पर लंबे समय से अपने दोनों मासूम बच्चों को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने, बेरहमी से पीटने और गाली-गलौज करने का आरोप लगा है। मां के निरंतर बढ़ते जुल्म से तंग आकर दोनों बच्चों ने हिम्मत जुटाई और सीधे बालोद कोतवाली थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने अहम फैसला लिया।
सगी मां के खिलाफ बच्चों की दर्दनाक दास्तान सामने आते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। विधिक प्रक्रिया और बाल संरक्षण नियमों के तहत दोनों बच्चों को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया। समिति के सदस्यों के सामने बच्चों ने अपनी आपबीती बताते हुए मां द्वारा किए जा रहे अमानवीय व्यवहार और उत्पीड़न का पूरा ब्योरा दिया। बाल कल्याण समिति के समक्ष दर्ज बयानों और प्राथमिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद पुलिस ने शिक्षिका के खिलाफ ठोस कानूनी कार्रवाई का निर्णय लिया।
घर पहुंची पुलिस
जानकरी सामने आई है कि स्कूल जाने से ठीक पहले घर में दबिश देकर पकड़ा, कोतवाली पुलिस की टीम ने गुरुवार सुबह पाररास स्थित प्रधानपाठिका के किराए के मकान में औचक दबिश दी। उस समय आरोपी शिक्षिका शबाना बानो स्कूल जाने के लिए तैयार हो रही थीं। पुलिस दल ने उन्हें घर से ही हिरासत में ले लिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद विधिवत गिरफ्तार कर लिया। एक शिक्षिका और मां द्वारा अपने ही बच्चों के साथ किए गए इस दुर्व्यवहार की खबर से क्षेत्र में लोग स्तब्ध हैं। पुलिस अब इस पारिवारिक कलह और प्रताड़ना से जुड़े सभी बिंदुओं की गहराई से जांच कर रही है।
The post ममता हुई कलंकित, बच्चों को लगातार प्रताड़ित करती थी मां, बच्चों की लिखित शिकायत के बाद हुई गिरफ्तारी appeared first on Ekhabri.com.
साभार: Ekhabri


