होम › Chhattisgarh › नशामुक्त छत्तीसगढ़ से बनेगा विकसित प्रदेश, मुख्यमंत्री साय ने दिया संदेश
Chhattisgarh

नशामुक्त छत्तीसगढ़ से बनेगा विकसित प्रदेश, मुख्यमंत्री साय ने दिया संदेश

WhatsApp Facebook
नशामुक्त छत्तीसगढ़ से बनेगा विकसित प्रदेश, मुख्यमंत्री साय ने दिया संदेश

For latest updates, join our official groups:

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

रायपुर। नशामुक्त और स्वस्थ छत्तीसगढ़ ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव बनेगा। नशे के खिलाफ जनजागरूकता और युवाओं को नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से राजधानी रायपुर में नशामुक्ति पदयात्रा का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय देवेंद्र नगर चौक से लाल चौक तक आयोजित इस पदयात्रा में शामिल हुए। पदयात्रा में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं, युवा, महिलाएं, जनप्रतिनिधि और नागरिक शामिल हुए।

 

पदयात्रा के समापन पर मुख्यमंत्री साय ने लाल चौक स्थित लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस दौरान उन्होंने नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश देते हुए प्रदेशवासियों से स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने की अपील की।

 

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति को प्रभावित नहीं करता, बल्कि इसका दुष्प्रभाव पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। विशेष रूप से युवाओं को नशे से बचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यदि युवा स्वस्थ, शिक्षित और कुशल होंगे तथा अपनी ऊर्जा सकारात्मक कार्यों में लगाएंगे तो छत्तीसगढ़ विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा।

IMG-20260930-WA0110-300x200 नशामुक्त छत्तीसगढ़ से बनेगा विकसित प्रदेश, मुख्यमंत्री साय ने दिया संदेश

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के लिए शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, स्वरोजगार, खेल और उद्यमिता के अवसरों का विस्तार कर रही है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश का प्रत्येक युवा अपनी प्रतिभा और क्षमता का उपयोग परिवार, समाज और छत्तीसगढ़ के विकास में करे।

 

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 25 सितंबर से 2 अक्टूबर तक नशामुक्ति पदयात्रा सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने संयम, स्वच्छता और स्वस्थ जीवन का संदेश दिया था। ऐसे में नशामुक्ति पदयात्रा सप्ताह उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है।

 

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता मिली है। 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई उनकी शासन यात्रा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देशभर में सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न जनसेवा गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य, सामाजिक जागरूकता और जनसेवा से जुड़े कार्यों में जनभागीदारी बढ़ाई जा रही है।

 

उन्होंने बताया कि इसी अभियान के तहत प्रधानमंत्री मोदी के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना के साथ प्रदेशभर में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। युवाओं को सेवा और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के लिए भी विभिन्न गतिविधियां की जा रही हैं। गुजरात के वडनगर से रायपुर पहुंचे बाइक राइडर्स का स्वागत किया गया, जिसमें बस्तर के युवाओं ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी की।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर लंबे समय तक नक्सलवाद से प्रभावित रहा, जिससे क्षेत्र के विकास की गति बाधित हुई। अब क्षेत्र में शांति और विकास के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, संचार और रोजगार के अवसरों के विस्तार पर तेजी से काम किया जा रहा है। युवाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है।

 

उन्होंने कहा कि प्रदेश में रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर पैदा करने के लिए नई औद्योगिक नीति के माध्यम से निवेश को प्रोत्साहित किया जा रहा है। सेमीकंडक्टर, डेटा सेंटर और अन्य आधुनिक एवं उभरते क्षेत्रों में निवेश से युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास के नए अवसर तैयार होंगे।

 

मुख्यमंत्री साय ने विधायक पुरंदर मिश्रा द्वारा पिछले 27 वर्षों से नशामुक्ति, वृक्षारोपण और स्वच्छता जैसे सामाजिक विषयों को लेकर पदयात्रा आयोजित किए जाने की सराहना की। उन्होंने कहा कि सामाजिक परिवर्तन केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए व्यापक जनभागीदारी जरूरी है। जब कोई अभियान समाज का अभियान बन जाता है, तब उसके स्थायी और व्यापक परिणाम सामने आते हैं।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन पदयात्राओं से प्रेरित होकर अब तक हजारों लोगों ने नशामुक्ति का संकल्प लिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि नशामुक्ति पदयात्रा सप्ताह भी अनेक लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगा और विशेष रूप से युवाओं को स्वस्थ तथा उद्देश्यपूर्ण जीवन जीने के लिए प्रेरित करेगा।

 

उन्होंने छात्र-छात्राओं और युवाओं से नशामुक्ति के संदेश को अपने परिवार, मित्रों और समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ युवा, स्वस्थ परिवार और जागरूक समाज मिलकर ही स्वस्थ, सशक्त और विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण कर सकते हैं।

 

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक पुरंदर मिश्रा, राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, राज्य केश शिल्पी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष गौरीशंकर श्रीवास, फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन, राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ममता साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, छात्र-छात्राएं, युवा, महिलाएं और आमजन मौजूद रहे।

The post नशामुक्त छत्तीसगढ़ से बनेगा विकसित प्रदेश, मुख्यमंत्री साय ने दिया संदेश appeared first on Ekhabri.com.

Source: Ekhabri

Ekhabri
मीडिया पार्टनर साभार (Syndicated) Ekhabri
मूल लेख पढ़ें ↗
दोस्तों के साथ साझा करें
📰 सम्बन्धित समाचार

यह भी पढ़ें (सम्बंधित ख़बरे)