डेटा सेंटर से पर्यटन तक, सिंगापुर में छत्तीसगढ़ की बड़ी कामयाबी
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधिमंडल तीन दिवसीय सफल सिंगापुर दौरे के बाद बुधवार को रायपुर लौट आया। इस यात्रा के दौरान छत्तीसगढ़ को कुल ₹43,600 करोड़ की प्रत्यक्ष विदेशी निवेश प्रतिबद्धताएं मिलीं। किसी एक विदेश यात्रा के दौरान प्रदेश को मिली यह अब तक की सबसे बड़ी निवेश प्रतिबद्धताओं में शामिल है।
भारत सरकार के विदेश मंत्रालय की ओर से प्रथम ‘सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ’ (SING) फोरम-2026 में भागीदारी के लिए देश से केवल छत्तीसगढ़ और हरियाणा का चयन किया गया था। सिंगापुर यात्रा के दौरान प्रदेश ने ₹41,750 करोड़ के एआई-रेडी डेटा सेंटर कैंपस के निवेश प्रस्ताव के साथ कौशल विकास के क्षेत्र में ITE Education Services, Singapore के साथ महत्वपूर्ण एमओयू किया। इसके अलावा Gardens by the Bay और Mandai Wildlife Group जैसी विश्वस्तरीय संस्थाओं के साथ हरित विकास, पर्यटन और वन्यजीव संरक्षण को लेकर सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

सिंगापुर की Energy Capital Global (ECG) ने छत्तीसगढ़ में 100 मेगावाट क्षमता का एआई-रेडी डेटा सेंटर कैंपस विकसित करने के लिए ₹41,750 करोड़ के निवेश की प्रतिबद्धता जताई है। यह परियोजना प्रदेश को डिजिटल अर्थव्यवस्था और आधुनिक डेटा इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है।
इसके अलावा Sunstream Green Energy Pvt. Ltd. की ओर से सौर ऊर्जा क्षेत्र के साथ 300 मेगावाट की बैटरी स्टोरेज और कंपोनेंट्स के लिए ₹1,500 करोड़ के प्रत्यक्ष विदेशी निवेश का प्रस्ताव सामने आया। वहीं 22 देशों में कारोबार करने वाले वैश्विक एग्रीबिजनेस समूह Valency International Pte Ltd को ₹350 करोड़ के एकीकृत एग्रो एवं फूड प्रोसेसिंग और एक्सपोर्ट हब की स्थापना के लिए निवेश के लिए आमंत्रित किया गया।
इन निवेश प्रस्तावों से प्रदेश में कृषि उत्पादों की वैल्यू चेन मजबूत होने और किसानों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने के नए अवसर बनने की उम्मीद है। साथ ही एआई, हाईटेक डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और आधुनिक उद्योगों में युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ सकते हैं। स्थानीय स्टार्टअप और एमएसएमई को वैश्विक कंपनियों के साथ सप्लायर और बिजनेस पार्टनर के रूप में आगे बढ़ने का अवसर मिलने की संभावना है।
भविष्य की औद्योगिक जरूरतों के अनुरूप युवाओं को तैयार करने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार ने ITE Education Services, Singapore के साथ तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा और प्रशिक्षण के क्षेत्र में एमओयू किया। इसके तहत उद्योगों की जरूरत के अनुसार पाठ्यक्रम तैयार करने, तकनीकी प्रशिक्षण को मजबूत करने और युवाओं को कौशल से रोजगार तक बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर काम किया जाएगा।
Singapore Business Federation (SBF) की ओर से आयोजित SING Forum-2026 में छत्तीसगढ़ ने निवेश, उद्योग और विकास के क्षेत्र में अपनी संभावनाओं को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत किया। फोरम में सिंगापुर के विदेश मंत्रालय तथा व्यापार एवं उद्योग मंत्रालय की राज्य मंत्री Gan Siow Huang, SBF के चेयरमैन Mark Lee और सीईओ Kok Ping Soon सहित Mastercard, Nestlé और IHCL (Taj Hotels) जैसी प्रमुख कंपनियों के वरिष्ठ प्रतिनिधि शामिल हुए।
फोरम में आयोजित ‘फायरसाइड चैट’ के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप सुधारों को तेजी से आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश में आने वाला प्रत्येक निवेश रोजगार सृजन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का माध्यम बने।
मुख्यमंत्री साय ने सिंगापुर के विदेश मंत्री डॉ. Vivian Balakrishnan से भी सौजन्य भेंट की। इस दौरान भारत-सिंगापुर संबंधों को राज्य स्तर पर और मजबूत करने के साथ निवेश, कौशल विकास, शहरी नियोजन और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ और सिंगापुर के बीच सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
सिंगापुर में आयोजित CEO राउंडटेबल में TCS, SMBC, Tolaram Group और Agrocorp सहित 15 से अधिक वैश्विक कंपनियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक में छत्तीसगढ़ में निवेश और भविष्य की व्यावसायिक साझेदारियों की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
Global Finance & Technology Network (GFTN) के साथ बैठक में प्रदेश के युवाओं को एआई और डिजिटल फाइनेंस का प्रशिक्षण देने तथा छत्तीसगढ़ के स्टार्टअप्स को वैश्विक निवेशकों और बाजारों से जोड़ने की संभावनाओं पर विचार किया गया। Aquatech Pacific Holdings Pte Ltd के साथ उद्योगों के लिए अपशिष्ट जल के पुनः उपयोग से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर पर चर्चा हुई। वहीं Adroit Overseas Pte Ltd ने फूड प्रोसेसिंग क्षेत्र में निवेश में रुचि दिखाई।
सिंगापुर यात्रा के दौरान हरित विकास और पर्यटन को लेकर भी महत्वपूर्ण चर्चाएं हुईं। Gardens by the Bay के साथ हुई बातचीत में नवा रायपुर में बॉटनिकल गार्डन विकसित करने और प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में बेहतर हरित सार्वजनिक स्थलों के निर्माण में सिंगापुर के अनुभव और विशेषज्ञता के उपयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
Mandai Wildlife Group के साथ नंदनवन जंगल सफारी को विश्वस्तरीय वन्यजीव पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श हुआ। संभावित सहयोग से छत्तीसगढ़ में पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और आजीविका के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सिंगापुर यात्रा को छत्तीसगढ़ की वैश्विक निवेश यात्रा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि यात्रा के माध्यम से दुनिया के सामने यह स्पष्ट हुआ है कि छत्तीसगढ़ वैश्विक निवेश के लिए पूरी तरह तैयार है। सरकार निवेश प्रस्तावों के साथ नई साझेदारियों और आगे बढ़ने का स्पष्ट रोडमैप लेकर लौटी है। अब प्रत्येक निवेशक के साथ लगातार फॉलो-अप किया जाएगा, ताकि प्रस्तावित परियोजनाओं को जल्द से जल्द धरातल पर उतारा जा सके।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य इन निवेशों के माध्यम से प्रदेश के युवाओं के लिए नए करियर और रोजगार के अवसर पैदा करना तथा स्थानीय उद्यमियों और उद्योगों के विकास के लिए नए रास्ते खोलना है।
तीन दिवसीय सिंगापुर दौरे के दौरान मिली निवेश प्रतिबद्धताएं, कौशल विकास समझौता और वैश्विक संस्थाओं के साथ हुई चर्चाएं छत्तीसगढ़ के लिए निवेश, तकनीक, कौशल, हरित विकास और पर्यटन के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सहयोग बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माने जा रहे हैं।
The post डेटा सेंटर से पर्यटन तक, सिंगापुर में छत्तीसगढ़ की बड़ी कामयाबी appeared first on Ekhabri.com.
साभार: Ekhabri


