छत्तीसगढ़ में भारी बारिश से बाढ़-जलभराव, मुख्यमंत्री ने कलेक्टरों को किया अलर्ट
रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश के चलते बस्तर संभाग सहित प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बाढ़ और जलभराव की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संबंधित जिला कलेक्टरों को राहत एवं बचाव कार्यों में पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रभावित क्षेत्रों में जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए। नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशासन को हर परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।
मुख्यमंत्री ने प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने निचले इलाकों के साथ नदी-नालों के आसपास स्थित गांवों और बस्तियों पर विशेष नजर रखने को कहा है। जलस्तर बढ़ने या बाढ़ की आशंका की स्थिति में लोगों को समय रहते सतर्क करने तथा जरूरत पड़ने पर उन्हें तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
आगामी दिनों में भी बारिश की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन को पूरी तरह अलर्ट मोड में रहने को कहा गया है। राहत और बचाव दलों को आवश्यक संसाधनों के साथ तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन, पुलिस, नगर निकाय, पंचायत और संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के लिए कहा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को प्रभावित लोगों के लिए जरूरत के अनुसार सुरक्षित आश्रय स्थल, भोजन, स्वच्छ पेयजल, दवाइयां और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। जलभराव वाले मार्गों, पुल-पुलियों और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में आवागमन को लेकर विशेष सावधानी बरतने तथा जोखिम वाले स्थानों पर लोगों की आवाजाही रोकने के लिए कहा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य शासन बाढ़ और जलभराव की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। उन्होंने जिला कलेक्टरों से मैदानी अमले को सक्रिय रखने और स्थानीय स्तर पर प्राप्त होने वाली प्रत्येक सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से भी बारिश के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने लोगों से अनावश्यक रूप से जलभराव वाले क्षेत्रों, उफनते नदी-नालों और तेज बहाव वाले स्थानों पर नहीं जाने तथा जिला प्रशासन की ओर से समय-समय पर जारी एडवाइजरी और दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
The post छत्तीसगढ़ में भारी बारिश से बाढ़-जलभराव, मुख्यमंत्री ने कलेक्टरों को किया अलर्ट appeared first on Ekhabri.com.
Source: Ekhabri


