महिलाओं की सुरक्षा और सहायता को लेकर केंद्रीय राज्यमंत्री ने दिए अहम निर्देश
दुर्ग । केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने अपने दुर्ग प्रवास के दौरान सखी वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने सेंटर में संकटग्रस्त महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सेवाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए मौके पर मौजूद अधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री ने महिलाओं के लिए संचालित काउंसलिंग, कानूनी सहायता, स्वास्थ्य सेवाओं और पुनर्वास से जुड़ी सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने सेंटर में आने वाली महिलाओं को समय पर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
सखी वन स्टॉप सेंटर में घरेलू हिंसा, पारिवारिक विवाद सहित विभिन्न परिस्थितियों से पीड़ित महिलाओं को परामर्श और आवश्यक सहायता प्रदान की जा रही है। महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने केंद्रीय राज्यमंत्री को सेंटर में दर्ज प्रकरणों तथा महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी।
केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संकटग्रस्त महिलाओं को समय पर सुरक्षा, अस्थायी आवास, कानूनी सहायता और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने महिलाओं की समस्याओं के त्वरित निराकरण और उन्हें आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने सखी वन स्टॉप सेंटर में संचालित विभिन्न सुविधाओं का अवलोकन भी किया। इनमें परामर्श सेवा, विधिक सहायता, चिकित्सा सहायता, पुलिस सहायता और अस्थायी आश्रय जैसी महत्वपूर्ण व्यवस्थाएं शामिल हैं।
केंद्रीय राज्यमंत्री ने सेंटर की व्यवस्थाओं और साफ-सफाई का जायजा लेते हुए वहां कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने संकट की स्थिति में महिलाओं को सुरक्षित वातावरण और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए सेंटर की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास अधिकारी अशोक शर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी अजय साहू सहित सखी वन स्टॉप सेंटर के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
The post महिलाओं की सुरक्षा और सहायता को लेकर केंद्रीय राज्यमंत्री ने दिए अहम निर्देश appeared first on Ekhabri.com.
Source: Ekhabri


