विराट कोहली ने LinkedIn पर बनाई प्रोफाइल, One8 और Agilitas का किया जिक्र

Virat Kohli LinkedIn Profile: भारतीय क्रिकेट के स्टार खिलाड़ी विराट कोहली एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनका क्रिकेट प्रदर्शन नहीं, बल्कि LinkedIn पर बनाई गई प्रोफाइल है। प्रोफाइल सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी खूब चर्चा हो रही है। इसमें कोहली ने अपने खेल करियर के साथ-साथ बिजनेस से जुड़ी भूमिकाओं और भारत में स्पोर्ट्स इंडस्ट्री को आगे बढ़ाने के अपने विजन के बारे में भी जानकारी साझा की है।
LinkedIn प्रोफाइल में क्या बताया?
विराट कोहली ने अपनी प्रोफाइल में खुद को भारतीय क्रिकेट टीम का एथलीट बताया है। इसके अलावा उन्होंने स्पोर्ट्स और लाइफस्टाइल ब्रांड One8 से जुड़े अपने सफर और One8World में को-फाउंडर व को-क्रिएटर की भूमिका का जिक्र किया है। उन्होंने Agilitas Sports में अपनी भूमिका को निवेशक के तौर पर भी बताया है। उनकी प्रोफाइल में खेल के साथ कारोबार की दुनिया में उनकी भागीदारी भी दिखाई देती है।
भारत में हर खेल को बढ़ावा देने का विजन
कोहली ने अपने पहले LinkedIn पोस्ट में भारत में खेलों को लेकर अपना नजरिया साझा किया। उन्होंने कहा कि वह हमेशा ऐसा भारत देखना चाहते थे, जहां हर खेल को फॉलो किया जाए और लोग अलग-अलग खेलों में हिस्सा लें। उनके मुताबिक, अब यह सपना पहले से ज्यादा करीब नजर आ रहा है।
युवा एथलीटों पर जताया भरोसा
विराट कोहली ने नई पीढ़ी के खिलाड़ियों की तारीफ करते हुए कहा कि युवा एथलीट यह साबित कर रहे हैं कि भारत विश्वस्तरीय खिलाड़ी तैयार कर सकता है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि भारतीय कंपनियां वैश्विक खेल जगत के लिए मजबूत ब्रांड विकसित कर सकती हैं। उनके विचार में, भारत के पास स्पोर्ट्स इंडस्ट्री में अपनी पहचान मजबूत करने की क्षमता है।
स्पोर्ट्स इंडस्ट्री में भारतीय प्लेटफॉर्म बनाने की सोच
कोहली ने भारत से एक ऐसा संपूर्ण स्पोर्ट्स प्लेटफॉर्म विकसित करने की जरूरत पर जोर दिया, जिसमें मैन्युफैक्चरिंग, कंज्यूमर ब्रांड और स्पोर्ट्स डिस्ट्रीब्यूशन जैसे क्षेत्र शामिल हों। उनका मानना है कि भारत केवल खिलाड़ियों के दम पर ही नहीं, बल्कि खेलों से जुड़े कारोबार और ब्रांड निर्माण के जरिए भी वैश्विक स्तर पर योगदान दे सकता है।
One8 और Agilitas से जुड़ने की वजह बताई
अपने पोस्ट में कोहली ने One8 और Agilitas Sports से जुड़ने के पीछे की सोच भी साझा की। उन्होंने बताया कि One8 का आधार वह विश्वास है, जिसे उन्होंने अपने पूरे करियर में बनाए रखा है—लगातार आगे बढ़ना, मानकों को ऊंचा करना और चीजों को नए तरीके से करने का साहस रखना। LinkedIn पर उनकी मौजूदगी से उनके खेल करियर के साथ-साथ उद्यमिता और स्पोर्ट्स बिजनेस को लेकर उनकी सोच भी सामने आई है।
साभार: Asian News Bharat


