राष्ट्रपति से मिलकर लौटे विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री साय से साझा किए यादगार अनुभव
रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात कर लौटे छत्तीसगढ़ के प्रतिभावान विद्यार्थियों और शिक्षकों ने मंगलवार को रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात की। विद्यार्थियों ने राष्ट्रपति भवन की अपनी यादगार यात्रा, राष्ट्रपति से हुए आत्मीय संवाद और वहां मिले अनुभव मुख्यमंत्री के साथ साझा किए।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विद्यार्थियों को इस विशेष उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रपति भवन में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करना प्रदेश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से उनकी राष्ट्रपति भवन यात्रा के बारे में विस्तार से जानकारी ली। विद्यार्थियों ने बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मिलना उनके जीवन का अविस्मरणीय अनुभव रहा। राष्ट्रपति ने बच्चों के साथ बेहद सहज और आत्मीय अंदाज में संवाद किया तथा उनकी पढ़ाई, रुचियों और भविष्य की आकांक्षाओं के बारे में जानकारी ली। विद्यार्थियों ने राष्ट्रपति भवन के भ्रमण और वहां बिताए यादगार पलों के अनुभव भी मुख्यमंत्री को बताए।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के बच्चों में प्रतिभा और संभावनाओं की कोई कमी नहीं है। यदि उन्हें उचित अवसर, प्रोत्साहन और मंच मिले तो वे हर क्षेत्र में प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं। ऐसे अवसर विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ उनके सपनों को नई दिशा और ऊंचाई प्रदान करते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से पूरी लगन और मेहनत के साथ पढ़ाई जारी रखने तथा जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति से मिले प्रोत्साहन और राष्ट्रपति भवन की यात्रा से प्राप्त अनुभवों को विद्यार्थी अपने जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा बनाएं।
रक्षाबंधन के अवसर पर छत्तीसगढ़ के प्रतिभावान विद्यार्थियों और शिक्षकों को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भेंट और संवाद का विशेष अवसर मिला था। इस दौरान राष्ट्रपति ने विद्यार्थियों से आत्मीय बातचीत करते हुए उनकी प्रतिभा की सराहना की और उन्हें भविष्य में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
राष्ट्रपति भवन में इस मुलाकात का सबसे भावुक और यादगार क्षण उस समय सामने आया, जब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने CWSN (Children with Special Needs) विद्यार्थी नुकेश कुमार वर्मा को स्वयं राखी बांधी। राष्ट्रपति के इस आत्मीय स्नेह ने नुकेश सहित वहां मौजूद विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए एक अविस्मरणीय स्मृति छोड़ दी।
राष्ट्रपति भवन में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति की भी शानदार झलक देखने को मिली। छात्राओं ने प्रदेश के पारंपरिक सुवा नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। लोक परंपरा, गीत-संगीत और सांस्कृतिक विरासत से सजी इस प्रस्तुति ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सुवा नृत्य की सराहना करते हुए छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं की प्रशंसा की।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह विशेष रूप से गर्व की बात है कि प्रदेश के बच्चों ने राष्ट्रपति भवन जैसे प्रतिष्ठित मंच पर न केवल अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, बल्कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत से भी देश को परिचित कराया। उन्होंने कहा कि लोक संस्कृति प्रदेश की पहचान और अमूल्य धरोहर है। जब नई पीढ़ी इसे आत्मसात कर राष्ट्रीय स्तर के मंचों पर प्रस्तुत करती है, तो परंपराओं को नई ऊर्जा और व्यापक पहचान मिलती है।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वे अपने सपनों को बड़ा रखें, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें और अपनी उपलब्धियों से परिवार, छत्तीसगढ़ और देश को गौरवान्वित करें।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भेंट करने वाले विद्यार्थियों में नारायणपुर जिले की राजवती पोयाम, सुकमा जिले के हिमांशु ठाकुर, दुर्ग जिले की पायल राजानी, महासमुंद जिले की रागनी साहू, रायपुर जिले के नुकेश कुमार वर्मा तथा महासमुंद जिले के दुर्गेश साहू और डिगेश सेन शामिल रहे।
इस अवसर पर समग्र शिक्षा, रायपुर की राज्य नोडल अधिकारी डॉ. मुक्ति बैस और शासकीय आशी बाई गोलछा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, महासमुंद के भौतिकी व्याख्याता चंद्रशेखर मिथलेश भी उपस्थित रहे।
The post राष्ट्रपति से मिलकर लौटे विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री साय से साझा किए यादगार अनुभव appeared first on Ekhabri.com.
Source: Ekhabri


