मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल से अयांश को मिला वॉकर, बढ़ी आत्मनिर्भरता
रायपुर, 27 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ में समावेशी शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में एक और मानवीय पहल सामने आई है। राज्य सरकार द्वारा विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में एक बालक को वॉकर प्रदान किया गया।
विकासखंड संसाधन केंद्र, गौरेला द्वारा विशेष आवश्यकता वाले बालक *अयांश* को चलने-फिरने में सहूलियत देने और उसके आत्मविश्वास को बढ़ाने के उद्देश्य से वॉकर उपलब्ध कराया गया। इस सहायता से अब अयांश न केवल अपनी दैनिक गतिविधियों को अधिक सहजता से कर पाएगा, बल्कि विद्यालय में भी सक्रिय भागीदारी निभा सकेगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सोच है कि समाज के हर वर्ग तक विकास का लाभ पहुंचे, विशेषकर वे बच्चे जिन्हें अतिरिक्त सहयोग की आवश्यकता है। इसी दृष्टिकोण के तहत राज्य सरकार समावेशी शिक्षा के अंतर्गत सहायक उपकरण, विशेष शिक्षण, स्वास्थ्य सेवाएं और पुनर्वास सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी ने बताया कि शासन का उद्देश्य है कि कोई भी बच्चा शारीरिक चुनौतियों के कारण शिक्षा और विकास के अवसरों से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि वॉकर जैसे उपकरण बच्चों के लिए केवल सुविधा नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और स्वतंत्र जीवन की शुरुआत होते हैं।
प्रदेश में विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए पहचान, स्वास्थ्य परीक्षण, फिजियोथेरेपी, विशेष शिक्षकों द्वारा शिक्षण और अभिभावकों को परामर्श जैसी सेवाएं लगातार संचालित की जा रही हैं। इन पहलों का उद्देश्य बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ना और उन्हें सम्मानजनक जीवन की ओर अग्रसर करना है।
इस अवसर पर बीआरसी समन्वयक संतोष सोनी, फिजियोथेरेपिस्ट प्राची पीटर्स, स्पेशल एजुकेटर राजेन्द्र साहू, बीआरपी प्रवीण कुमार चौधरी और अजय जोशी सहित शिक्षा विभाग के कई अधिकारी उपस्थित रहे।
The post मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल से अयांश को मिला वॉकर, बढ़ी आत्मनिर्भरता appeared first on Ekhabri.com.
Source: Ekhabri


