महाकाल की नगरी की बेटी, विश्व ताज की दावेदार
देवी के स्वरूप में ‘डांस ऑफ द वर्ल्ड’ में बिखेरी भारतीय संस्कृति की छटा, आज मिस वर्ल्ड के ताज के लिए 111 सुंदरियों के बीच मुकाबला
==उज्जैन से अशोक महावर
उज्जैन। महाकाल की नगरी उज्जैन की बेटी निकिता पोरवाल ने मिस वर्ल्ड 2026 के अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय संस्कृति और उज्जैन का गौरव बढ़ाया है। वियतनाम के न्हा ट्रांग में आयोजित प्रतियोगिता में निकिता ने ‘डांस ऑफ द वर्ल्ड’ राउंड में देवी के स्वरूप से प्रेरित पारंपरिक प्रस्तुति देकर सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा। उनकी प्रस्तुति में भारतीय आध्यात्मिक परंपरा, संस्कृति और शास्त्रीय सौंदर्य की अद्भुत झलक दिखाई दी।

111 देशों की सुंदरियों के बीच भारत का प्रतिनिधित्व कर रहीं निकिता ने प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों में अपने आत्मविश्वास और प्रतिभा से खास पहचान बनाई है। अब देशभर की नजरें ग्रैंड फिनाले पर टिकी हैं। भारत को उम्मीद है कि उज्जैन की यह बेटी देश को सातवीं बार मिस वर्ल्ड का ताज दिलाने में कामयाब होगी।
दादा बोले- कहा था, मिस वर्ल्ड बनकर ही लौटूंगी
निकिता के दादा धन्नालाल पोरवाल ने कहा कि जिस दिन का परिवार को इंतजार था, वह आ गया है। उन्होंने बताया कि वियतनाम रवाना होने से पहले निकिता उज्जैन आई थी और बाबा महाकाल, काल भैरव तथा मां बगलामुखी के दर्शन कर आशीर्वाद लिया था। निकिता ने उस समय परिवार से कहा था—“मैं मिस वर्ल्ड बनकर ही लौटूंगी।”
दादा के मुताबिक, वियतनाम पहुंचने के बाद से निकिता लगातार वीडियो कॉल के जरिए परिवार के संपर्क में है और प्रतियोगिता की तैयारियों की जानकारी देती रहती है। उन्होंने कहा कि निकिता जीत को लेकर पूरी तरह आत्मविश्वास से भरी है। परिवार के साथ पूरा उज्जैन भी अपनी बेटी की सफलता के लिए प्रार्थना कर रहा है।
उज्जैन से विश्व मंच तक का सफर
निकिता ने उज्जैन के कार्मेल कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल से शिक्षा प्राप्त की। इसके बाद महाराजा सयाजीराव यूनिवर्सिटी ऑफ बड़ौदा से स्नातक की पढ़ाई की। करीब 18 वर्ष की उम्र में टीवी होस्ट के रूप में करियर शुरू करने वाली निकिता ने बाद में अभिनय और थिएटर में भी पहचान बनाई। उन्होंने रामलीला में माता सीता और श्रीकृष्ण लीला में राधा की भूमिका निभाई है।
वर्ष 2024 में निकिता ने फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड 2024 का खिताब जीतकर मिस वर्ल्ड के अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का रास्ता बनाया।
भारत की छह बेटियां जीत चुकी हैं ताज
भारत की रीता फारिया (1966), ऐश्वर्या राय (1994), डायना हेडन (1997), युक्ता मुखी (1999), प्रियंका चोपड़ा (2000) और मानुषी छिल्लर (2017) मिस वर्ल्ड का खिताब जीत चुकी हैं। अब निकिता के सामने भारत को सातवीं बार विश्व सुंदरी का ताज दिलाने की चुनौती है।
महाकाल की नगरी से निकली निकिता की नजर अब विश्व ताज पर है। उज्जैनवासियों को उम्मीद है कि फिनाले में निकिता की जीत के साथ एक बार फिर दुनिया के मंच पर भारत का तिरंगा शान से लहराएगा।
निकिता की उपलब्धियां
- फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड 2024 की विजेता
- मिस इंडिया मध्यप्रदेश 2024
- टीवी होस्ट और थिएटर आर्टिस्ट
- रामलीला में माता सीता और श्रीकृष्ण लीला में राधा की भूमिका
- मिस वर्ल्ड 2026 में भारत की दावेदार ‘डांस ऑफ द वर्ल्ड’ में देवी के स्वरूप में भारतीय संस्कृति की प्रस्तुति
The post महाकाल की नगरी की बेटी, विश्व ताज की दावेदार appeared first on Ekhabri.com.
Source: Ekhabri


