पीएम सूर्य घर योजना से नंदलाल का बिजली बिल हुआ आधे से भी कम
रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर संचालित पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना आम नागरिकों को सौर ऊर्जा अपनाने के साथ बिजली खर्च कम करने का अवसर दे रही है। छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से मिल रही अतिरिक्त सहायता से भी लोगों के लिए सोलर संयंत्र स्थापित करना आसान हुआ है। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सूरजपुर जिले के ग्राम खोरमा निवासी नंदलाल सिंह की कहानी इस योजना से मिल रही आर्थिक राहत की एक मिसाल सामने लाती है।
जनपद पंचायत प्रतापपुर के अंतर्गत ग्राम पंचायत खोरमा निवासी नंदलाल सिंह ने मार्च 2026 में अपने घर की छत पर 3 किलोवॉट क्षमता का सोलर पैनल स्थापित कराया। उन्होंने बताया कि पहले उनके घर का बिजली बिल करीब 3 से 4 हजार रुपये प्रतिमाह आता था। सोलर पैनल लगने के बाद अब बिजली बिल घटकर लगभग 500 से 600 रुपये रह गया है। कई बार बिल शून्य भी आ जाता है।
बिजली खर्च में आई इस कमी से नंदलाल के परिवार को आर्थिक राहत मिली है। पहले बिजली बिल में जाने वाली बड़ी राशि अब परिवार की अन्य आवश्यकताओं पर खर्च की जा रही है। सौर ऊर्जा के इस्तेमाल से घर की छत अब बिजली उत्पादन का माध्यम बन गई है और परिवार को नियमित रूप से बिजली खर्च में बचत का लाभ मिल रहा है।
नंदलाल सिंह ने बताया कि सोलर संयंत्र स्थापित कराने के लिए उन्हें बैंक से ऋण की सुविधा भी मिली। इसके अलावा केंद्र सरकार की ओर से 78 हजार रुपये और राज्य सरकार की ओर से 30 हजार रुपये की सब्सिडी प्राप्त हुई। इस तरह कुल 1 लाख 8 हजार रुपये की सहायता मिलने से उनके लिए घर पर सौर संयंत्र स्थापित करना आसान हो गया।
नंदलाल ने बताया कि सोलर पैनल लगने के बाद बिजली बिल में आई कमी उनके परिवार के लिए बड़ी राहत है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अन्य नागरिकों से भी पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी लेने और पात्रता के अनुसार इसका लाभ उठाने की अपील की।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सामने आई यह कहानी बताती है कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से सौर ऊर्जा को अपनाकर परिवार न केवल बिजली खर्च कम कर सकते हैं, बल्कि सरकार की सब्सिडी और अन्य सहायता का लाभ लेकर अपने घर को ऊर्जा उत्पादन का केंद्र भी बना सकते हैं।
The post पीएम सूर्य घर योजना से नंदलाल का बिजली बिल हुआ आधे से भी कम appeared first on Ekhabri.com.
साभार: Ekhabri


