नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने CM मोहन यादव को लिखा पत्र; बोले- 1 लाख से ज्यादा पद खाली, शिक्षक भर्ती में पद बढ़ाने की मांग

भोपाल: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर शिक्षक भर्ती-2025 में वर्ग-2 और वर्ग-3 के पदों की संख्या बढ़ाने की मांग की है। 29 सितंबर को लिखे पत्र में उन्होंने सरकारी स्कूलों में शिक्षकों के खाली पदों का मुद्दा उठाया और कहा कि इसका सीधा असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा है।
इंदौर के कार्यक्रम में अभ्यर्थियों ने उठाई मांग
राहुल गांधी ने पत्र में लिखा कि इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान शिक्षक अभ्यर्थियों ने वर्ग-2 और वर्ग-3 की भर्ती में पद बढ़ाने की मांग रखी थी। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के सरकारी स्कूलों में पहले से ही एक लाख से ज्यादा शिक्षकों के पद खाली हैं। इसके बावजूद शिक्षक भर्ती-2025 में वर्ग-3 के 13,089 और वर्ग-2 के 10,800 पदों पर भर्ती निकाली गई है।
Leader of Opposition in Lok Sabha Rahul Gandhi writes to Madhya Pradesh CM Mohan Yadav on the issue of existing vacancies in the Education field in the state and demands to increase them https://t.co/7OOyJCv94h
— ANI (@ANI) October 5, 2026
सीमित पदों से नौकरी का इंतजार
राहुल गांधी ने कहा, “कई अभ्यर्थियों ने परीक्षा में अच्छे अंक हासिल किए हैं और कई अतिथि शिक्षक के रूप में पढ़ा भी रहे हैं। लेकिन सीमित पदों के कारण वे पक्की नौकरी से वंचित हैं। इंतजार करते-करते कई अभ्यर्थी आयु सीमा के करीब पहुंच चुके हैं।”
आंदोलन और भूख हड़ताल का भी जिक्र
राहुल गांधी ने कहा, “अपनी बात सरकार तक पहुंचाने के लिए शिक्षक अभ्यर्थी आंदोलन और भूख हड़ताल पर बैठे हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान उनके घर सरकार की ओर से नोटिस भेजकर उन्हें डराने की कोशिश की जा रही है।
नोटिस वापस लेने और काउंसलिंग की मांग
राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री से कहा, “मैं आपसे अनुरोध करता हूं कि आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों को भेजे गए नोटिस तुरंत वापस लिए जाएं और उनके प्रतिनिधियों से मिलकर उनकी बात सुनी जाए।” उन्होंने वर्ग-2 और वर्ग-3 में पद बढ़ाने के साथ दूसरे चरण की काउंसलिंग जल्द शुरू करने की मांग भी की।
साभार: Asian News Bharat


