नेकी की दीवार बनी गंदगी का अड्डा, शिकायत मिलते ही निगम ने चलाया सफाई अभियान
रायपुर। रायपुर नगर पालिक निगम के जोन क्रमांक 8 स्वास्थ्य विभाग ने जनशिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए वार्ड क्रमांक 20 क्षेत्र में कोटा मार्ग स्थित नेकी की दीवार साइट की विशेष सफाई कराई। मौके पर जमा पुराने और अनुपयोगी कपड़ों के कचरे के साथ अन्य गंदगी को तत्काल हटवाकर क्षेत्र में स्वच्छता कायम की गई।
स्वच्छता से संबंधित शिकायत प्राप्त होने के बाद नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर कार्रवाई की गई। जोन क्रमांक 8 की जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रामकृष्ण परमहंस वार्ड क्रमांक 20 के भारत माता चौक के पास कोटा मार्ग स्थित नेकी की दीवार साइट का निरीक्षण किया।
यह स्थल रायपुर पुलिस कमिश्नरी के रायपुर पश्चिम क्षेत्रीय कार्यालय के समीप स्थित है। निरीक्षण के दौरान साइट पर पुराने अनुपयोगी कपड़ों का कचरा और गंदगी पाए जाने पर निगम की टीम ने तत्काल सफाई अभियान शुरू किया।
स्वच्छता निरीक्षक रितेश झा की उपस्थिति में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके से पुराने कपड़ों और अन्य कचरे को उठवाकर स्थल की विशेष सफाई कराई। कार्रवाई के बाद नेकी की दीवार साइट पर स्वच्छता व्यवस्था बहाल की गई।
नगर निगम की इस त्वरित कार्रवाई से प्राप्त जनशिकायत का जोन स्तर पर तत्काल निराकरण किया गया। निगम स्वास्थ्य विभाग ने जनस्वास्थ्य सुरक्षा और शहर में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से मौके पर आवश्यक सफाई कार्रवाई पूरी की।
The post नेकी की दीवार बनी गंदगी का अड्डा, शिकायत मिलते ही निगम ने चलाया सफाई अभियान appeared first on Ekhabri.com.
Source: Ekhabri


