छत्तीसगढ़ को कृषि विकास के लिए मिली 182 करोड़ की बड़ी सौगात
रायपुर। छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री रामविचार नेताम नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय कृषि सम्मेलन में शामिल हुए। 28 और 29 सितंबर को आयोजित इस दो दिवसीय सम्मेलन में देशभर के कृषि मंत्रियों, कृषि वैज्ञानिकों, कृषि विशेषज्ञों और वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। सम्मेलन में आगामी रबी फसल की तैयारियों और कृषि क्षेत्र की कार्ययोजना को लेकर व्यापक चर्चा की गई।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और राज्यमंत्री की मौजूदगी में आयोजित सम्मेलन में छत्तीसगढ़ में कृषि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर भी महत्वपूर्ण विचार-विमर्श हुआ। कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने प्रदेश में कृषि क्षेत्र के बेहतर प्रदर्शन और राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के विभिन्न घटकों को प्रभावी तरीके से लागू करने से जुड़े विषयों पर अपनी बात रखी।
रामविचार नेताम ने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के अधिक से अधिक किसानों तक कृषि योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इसके साथ ही कृषि की लागत कम करने, उत्पादन बढ़ाने और किसानों की आय में वृद्धि के लिए प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।
सम्मेलन के दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने छत्तीसगढ़ के लिए 182 करोड़ रुपये की राशि का आवंटन जारी किया। इस संबंध में कृषि मंत्री रामविचार नेताम को आवंटन पत्र भी प्रदान किया गया। उन्होंने प्रदेश के किसानों की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रति आभार व्यक्त किया।
कृषि मंत्री ने कहा कि केंद्र से मिली 182 करोड़ रुपये की सहायता से छत्तीसगढ़ में कृषि विकास से जुड़े कार्यों को नई गति मिलेगी। इस राशि का उपयोग किसानों के हित में संचालित विभिन्न योजनाओं और अभियानों को मजबूत करने के लिए किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस सहायता से प्रदेश में संचालित ‘विकसित संकल्प अभियान’ को भी मजबूती मिलेगी। इसके अलावा आगामी समय में ‘खेत बचाओ अभियान’ के माध्यम से किसानों को बेहतर उत्पादन के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। सरकार का विशेष जोर दलहन और तिलहन के रकबे में वृद्धि, कृषि उत्पादन बढ़ाने और किसानों को बेहतर उपज उपलब्ध कराने पर रहेगा।
रामविचार नेताम ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार केंद्र की योजनाओं और राज्य की कृषि नीतियों के बेहतर समन्वय के साथ किसानों को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने की दिशा में काम कर रही है। कृषि क्षेत्र में नई तकनीक के इस्तेमाल, खेती की लागत कम करने और उत्पादन बढ़ाने पर लगातार जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से प्राप्त 182 करोड़ रुपये की सहायता छत्तीसगढ़ के कृषि विकास को और गति देने में महत्वपूर्ण साबित होगी। इससे प्रदेश में कृषि गतिविधियों को मजबूती मिलने के साथ किसानों को भी योजनाओं का बेहतर लाभ मिल सकेगा।
The post छत्तीसगढ़ को कृषि विकास के लिए मिली 182 करोड़ की बड़ी सौगात appeared first on Ekhabri.com.
Source: Ekhabri


