कार चलती महिला ने एक साथ कई को ठोका, ओवर ब्रिज में हुई अफरातफरी
रायपुर। राजधानी रायपुर में शुक्रवार सुबह आमानाका ओवरब्रिज पर तेज रफ्तार कार की ने कई लोगों को घायल किया है.
दुर्ग की ओर से रविशंकर विश्वविद्यालय की दिशा में आने वाले फ्लाईओवर के ढलान पर एक कार ने आधा दर्जन लोगों को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में कई लोग घायल हो गए, जबकि कुछ दोपहिया वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया. दुर्घटना के बाद कार चला रही महिला चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना सुबह करीब 10 बजे हुई। बताया गया कि कार क्रमांक CG-04-PX-8883 को महिला चालक तेज और लापरवाहीपूर्ण तरीके से चला रही थी. इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर ओवरब्रिज पर मौजूद लोगों और दोपहिया वाहनों से टकरा गया. टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे कोई यह नहीं समझ पा रहा था कि आखिर यह हो क्या रहा है.
हादसे के दौरान कार की नंबर प्लेट सड़क पर गिर गई. इसी के आधार पर पुलिस ने वाहन की पहचान कर ली. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, संबंधित वाहन मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस महिला चालक की तलाश कर रही है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि दुर्घटना के समय वाहन कौन चला रहा था और हादसे के पीछे वास्तविक वजह क्या थी. घटना की सूचना मिलते ही सरस्वती नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है.पुलिस घायलों की संख्या और उनकी स्वास्थ्य स्थिति से जुड़ी विस्तृत जानकारी जुटाने में लगी हुई है.
The post कार चलती महिला ने एक साथ कई को ठोका, ओवर ब्रिज में हुई अफरातफरी appeared first on Ekhabri.com.
Source: Ekhabri


