अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में वरिष्ठजनों का हुआ आत्मीय सम्मान
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में समाज कल्याण विभाग की ओर से वरिष्ठजनों के सम्मान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पेंड्रा के असेंबली हॉल में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठजनों को शॉल, कंबल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठजनों के सामाजिक और पारिवारिक योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। अतिथियों ने कहा कि वरिष्ठजन अपने जीवन के लंबे अनुभव, ज्ञान और संस्कारों के माध्यम से परिवार और समाज को निरंतर दिशा देते हैं। उनका अनुभव नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा और मार्गदर्शन का महत्वपूर्ण स्रोत है।

अतिथियों ने कहा कि वृद्धजनों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और आत्मीयता बनाए रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। वरिष्ठजनों की गरिमा, सुरक्षा और खुशहाली सुनिश्चित करने के लिए परिवार और समाज को मिलकर सकारात्मक और सम्मानजनक वातावरण तैयार करना जरूरी है।
कार्यक्रम में कलेक्टर विजय दयाराम के., जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे, जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजा उपेन्द्र बहादुर सिंह, नगर पालिका परिषद पेंड्रा अध्यक्ष राकेश जालान, उपाध्यक्ष शरद गुप्ता, जिला पंचायत सदस्य पूर्णिमा पैकरा, मनीष श्रीवास, राकेश चतुर्वेदी तथा अंजनी इंडस्ट्रीज के गोपाल अग्रवाल और संजय गुप्ता सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में समाज कल्याण विभाग के सहायक संचालक नितिन कुमार ने अतिथियों और कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। आयोजन के माध्यम से वरिष्ठजनों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। वरिष्ठ नागरिकों के अनुभव और योगदान को सम्मान देने के साथ उनके प्रति समाज की जिम्मेदारी को भी रेखांकित किया गया।
The post अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में वरिष्ठजनों का हुआ आत्मीय सम्मान appeared first on Ekhabri.com.
Source: Ekhabri


