Uttarakhand Accident : खाई में गिरा पर्यटकों से भरा टैंपो ट्रैवलर, 2 की मौत, कई घायल

Uttarakhand Accident : नैनीताल। उत्तराखंड के नैनीताल जिले में शुक्रवार दोपहर बड़ा सड़क हादसा हो गया। मुक्तेश्वर घूमकर लौट रहे फरीदाबाद के पर्यटकों से भरा टैंपो ट्रैवलर रामगढ़-सतबुंगा मोटर मार्ग पर दुत्कानेधार के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में दो पर्यटकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं।
21 पर्यटकों का समूह घूमने आया था
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, फरीदाबाद से 21 लोगों का एक समूह उत्तराखंड घूमने आया था। शुक्रवार को सभी टैंपो ट्रैवलर से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान दुत्कानेधार के पास वाहन अचानक अनियंत्रित हुआ और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
एक पर्यटक वाहन के नीचे दबा
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर घायलों को खाई से बाहर निकाला गया और सीएचसी रामगढ़ भेजा गया। बताया जा रहा है कि एक पर्यटक अभी भी वाहन के नीचे दबा हुआ है। उसे बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू टीम लगातार प्रयास कर रही है।
मृतकों की पहचान में जुटी पुलिस
हादसे में दो लोगों की मौके पर मौत की पुष्टि हुई है। पुलिस मृतकों और घायलों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही हादसा किस वजह से हुआ, इसकी भी जांच की जा रही है। फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और घायलों की संख्या तथा उनकी स्थिति को लेकर प्रशासन की विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
Source: Asian News Bharat


