UP News : कानपुर के घाटमपुर में कच्चा मकान ढहा, एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत; CM योगी ने लिया संज्ञान

Kanpur House Collapse: कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के घाटमपुर क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। हिरनी गांव में एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया, जिसमें एक ही परिवार के पांच लोग मलबे में दब गए। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों और राहत-बचाव टीमों ने काफी मशक्कत के बाद मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
मलबे में दबे परिवार के पांच सदस्य
जानकारी के अनुसार, घाटमपुर थाना क्षेत्र के हिरनी गांव में मिट्टी से बना कच्चा मकान अचानक ढह गया। हादसे के समय घर में परिवार के सदस्य मौजूद थे। ग्रामीणों की मदद से मलबे से पांच लोगों को बाहर निकाला गया और उन्हें पतारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद चार लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक घायल महिला को गंभीर हालत में कानपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया।
पिता और तीन बेटियों की मौत
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान परिवार के मुखिया मुकेश (45) और उनकी तीन बेटियों माया (16), नीतू (12) और पल्लवी (7) के रूप में हुई है। वहीं परिवार की एक अन्य सदस्य काजल (19) गंभीर रूप से घायल हुई हैं, जिनका इलाज जारी है।
ग्रामीणों ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठाए सवाल
घटना के बाद ग्रामीणों ने अस्पताल की व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि घायलों को समय पर इलाज नहीं मिल सका और इमरजेंसी में डॉक्टरों की मौजूदगी को लेकर लापरवाही हुई। ग्रामीणों ने दावा किया कि सभी घायलों को गांव से जीवित अवस्था में अस्पताल लाया गया था। हालांकि, इस मामले में प्रशासन की ओर से जांच की बात कही जा रही है।
CM योगी ने अधिकारियों को दिए निर्देश
कानपुर हादसे का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को राहत और सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। सीएम योगी ने घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने और पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद देने के लिए प्रशासन को निर्देशित किया है।
हादसे की जांच में जुटा प्रशासन
घटना के बाद प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर कच्चे मकान के कमजोर होने की बात सामने आ रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही हादसे की पूरी वजह स्पष्ट हो पाएगी।
Source: Nishaanebaz


