UP Crime : अफेयर के शक में पति ने सो रही पत्नी की हत्या की, गला काटकर सिर धड़ से किया अलग, थाने में किया सरेंडर

UP Crime : हरदोई। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद का खौफनाक अंत हो गया। कोतवाली शहर क्षेत्र के इस्लाम नगर टिलिया में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की धारदार हथियार से हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान 30 वर्षीय नगमा के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति का नाम परवेज बताया गया है। पुलिस के मुताबिक, परवेज को अपनी पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच करीब आठ महीने से विवाद चल रहा था।
12 साल पहले हुई थी लव मैरिज
जानकारी के अनुसार, परवेज और नगमा ने करीब 12 साल पहले प्रेम विवाह किया था। पुलिस जांच में सामने आया है कि मूल रूप से वेटगंज मोहल्ले के रहने वाले परवेज अपनी पत्नी नगमा के साथ यहां किराए के मकान में रह रहा था। बताया जा रहा है कि पारिवारिक बंटवारे के बाद परवेज ने अपना पुश्तैनी मकान बेच दिया था। इसके बाद वह करीब डेढ़ महीने पहले अपनी पत्नी के साथ इस मोहल्ले में रहने आया था। पुलिस के अनुसार, परवेज को बाइक मैकेनिक नाजिम के साथ पत्नी के संबंध होने का शक था। इसी को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था।
सोते समय किया हमला
बताया जा रहा है कि बुधवार तड़के करीब 2 बजे नगमा घर में सो रही थी। इसी दौरान परवेज ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर हमले में नगमा की मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी खून से सने कपड़ों में घर में ही बैठा रहा और अपनी बहन को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पुलिस के सामने भी वारदात की बात स्वीकार की। इसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
एएसपी पूर्व सुबोध गौतम के अनुसार, सुबह करीब 5 बजे घटना की सूचना पुलिस को मिली थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू करने की बात कही है।
Source: Nishaanebaz


