UP Accident : पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर ट्रक में घुसी तेज रफ्तार कार, 4 खिलाड़ियों की मौत, 2 गंभीर घायल

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में बुधवार सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार अर्टिगा कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कार सवार चार टेनिस बॉल क्रिकेट खिलाड़ियों की मौत हो गई, जबकि दो खिलाड़ी गंभीर रूप से घायल हैं। सभी खिलाड़ी लखनऊ में क्रिकेट मैच खेलने के बाद देवरिया लौट रहे थे।
माइलस्टोन 97.500 के पास हुआ हादसा
हादसा पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर माइलस्टोन 97.500 के पास हुआ। बताया जा रहा है कि कार में कुल छह खिलाड़ी सवार थे। लखनऊ से देवरिया लौटते वक्त तेज रफ्तार कार अचानक आगे चल रहे ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास से गुजर रहे लोगों और वाहन चालकों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।
मौके पर 3 खिलाड़ियों ने तोड़ा दम
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और यूपीडा के सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे। राहत और बचाव अभियान चलाकर कार में फंसे खिलाड़ियों को बाहर निकाला गया। हादसे में तीन खिलाड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं, तीन अन्य घायलों को कुमारगंज स्थित सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया गया। इलाज के दौरान एक और खिलाड़ी ने दम तोड़ दिया।
नींद आने के दौरान हुआ हादसा?
घायल खिलाड़ी जयंतो शर्मा ने बताया कि वह नित्या प्रजापति, इरफान अंसारी, अनिकेत, आनंद यादव और राजू के साथ लखनऊ से क्रिकेट खेलकर देवरिया लौट रहे थे। उनके मुताबिक, सभी को नींद आ रही थी और इसी दौरान कब हादसा हुआ, इसका पता नहीं चला। पुलिस ने कार से सभी को बाहर निकाला। नित्या, इरफान और अनिकेत की मौत हो चुकी थी, जबकि आनंद, राजू और जयंतो को अस्पताल ले जाया गया। बाद में आनंद की भी मौत हो गई।
तीन खिलाड़ियों की पहचान से गांवों में मातम
हादसे में जान गंवाने वाले खिलाड़ियों में देवरिया के मईल थाना क्षेत्र के बगहा गांव निवासी नित्या प्रजापति, बलिया दक्षिण गांव निवासी इरफान अंसारी उर्फ राज और लार थाना क्षेत्र के चुरिया गांव निवासी अनिकेत सिंह शामिल हैं। तीनों टेनिस बॉल क्रिकेट के चर्चित खिलाड़ी थे और अलग-अलग जगहों पर होने वाले टूर्नामेंट में हिस्सा लेते थे।
सीतामढ़ी से लखनऊ और फिर देवरिया लौट रहे थे
बताया गया कि तीनों खिलाड़ी सोमवार को बिहार के सीतामढ़ी में क्रिकेट खेलने गए थे। इसके बाद इरफान अंसारी की अर्टिगा कार से मंगलवार को लखनऊ पहुंचे। यहां उन्होंने बीकेजी क्रिकेट टूर्नामेंट में हिस्सा लिया। मैच खेलने के बाद सभी रात में ही देवरिया के लिए रवाना हो गए, लेकिन सुल्तानपुर के पास पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर उनकी कार हादसे का शिकार हो गई।
खिलाड़ियों की मौत से परिवारों में मचा कोहराम
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। परिजन सुल्तानपुर के लिए रवाना हो गए हैं। वहीं, घटना की जानकारी मिलने के बाद गांवों में भी शोक की लहर दौड़ गई। खिलाड़ियों के घरों पर ग्रामीणों, युवाओं और साथी क्रिकेटरों की भीड़ जुट गई। होनहार खिलाड़ियों की मौत से स्थानीय क्रिकेट समुदाय में भी गहरा दुख है।
साभार: Asian News Bharat


