UP में प्रशासनिक फेरबदल : 13 PCS अधिकारियों के तबादले, 5 जिलों के ADM बदले गए; देखें लिस्ट

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए 13 पीसीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। शनिवार को जारी आदेश के तहत कई जिलों के अपर जिलाधिकारी (ADM) समेत अलग-अलग विभागों में तैनात अधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस फेरबदल में पांच जिलों के एडीएम भी शामिल हैं।
कुशीनगर, अयोध्या, कानपुर और कासगंज में बदले गए ADM
शासन की ओर से जारी सूची के अनुसार उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल संघ के प्रधान प्रबंधक रहे पवन कुमार को कुशीनगर का अपर जिलाधिकारी बनाया गया है। वहीं मऊ के मुख्य राजस्व अधिकारी दिनेश कुमार को अयोध्या का एडीएम (नगर) नियुक्त किया गया है।
मथुरा के अपर नगर आयुक्त रहे सौरभ सिंह को कानपुर नगर का एडीएम (नगर) बनाया गया है, जबकि कानपुर नगर के एडीएम रहे आलोक कुमार गुप्ता को कासगंज भेजा गया है।
कई विभागों में अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
चित्रकूट के एडीएम (न्यायिक) रहे अरुण कुमार को मत्स्य निदेशालय में संयुक्त निदेशक (प्रशासन) की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं मथुरा की एसडीएम कंचन को चित्रकूट का एडीएम (न्यायिक) बनाया गया है। राजस्व परिषद में विशेष कार्याधिकारी रहे सूरज कुमार यादव को सहारनपुर नगर निगम में अपर नगर आयुक्त की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
विकास प्राधिकरण और अन्य विभागों में भी बदलाव
प्रतापगढ़ के एसडीएम जितेंद्र कटियार को आयुर्वेद निदेशालय लखनऊ में उपनिदेशक (प्रशासन) बनाया गया है। वहीं बरेली विकास प्राधिकरण की सचिव रहीं वंदिता श्रीवास्तव को उच्च शिक्षा निदेशालय प्रयागराज में उपनिदेशक (प्रशासन) नियुक्त किया गया है।
बरेली विकास प्राधिकरण के सचिव पद पर हिमांशु कुमार गुप्ता की तैनाती की गई है। वहीं बरेली की एसडीएम निधि डोडवाल को उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल संघ का प्रधान प्रबंधक बनाया गया है।
मऊ, शाहजहांपुर और अन्य जिलों में भी बदलाव
शाहजहांपुर के अपर नगर आयुक्त रहे अजय कुमार त्रिपाठी को मऊ का मुख्य राजस्व अधिकारी बनाया गया है। इसके अलावा भदोही के एसडीएम भान सिंह को शाहजहांपुर नगर निगम का अपर नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है। प्रशासनिक स्तर पर हुए इस बड़े फेरबदल के बाद संबंधित अधिकारियों ने नई जिम्मेदारियां संभालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Source: Nishaanebaz


