होम › Technology › Surajpur Double Murder Case: सूरजपुर डबल मर्डर केस में सहेली टीचर का पति गिरफ्तार, मोबाइल और ज्वेलरी की बरामद, जानें क्यों मार डाला मां बेटे को
Technology

Surajpur Double Murder Case: सूरजपुर डबल मर्डर केस में सहेली टीचर का पति गिरफ्तार, मोबाइल और ज्वेलरी की बरामद, जानें क्यों मार डाला मां बेटे को

WhatsApp Facebook
Surajpur Double Murder Case: सूरजपुर डबल मर्डर केस में सहेली टीचर का पति गिरफ्तार, मोबाइल और ज्वेलरी की बरामद, जानें क्यों मार डाला मां बेटे को

For latest updates, join our official groups:

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

42938-surajpur-double-murder-case Surajpur Double Murder Case: सूरजपुर डबल मर्डर केस में सहेली टीचर का पति गिरफ्तार, मोबाइल और ज्वेलरी की बरामद, जानें क्यों मार डाला मां बेटे को

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में सरकारी स्कूल की शिक्षिका रजनी बरेठ और उनके 18 वर्षीय बेटे सुजल बरेठ की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी प्रवेश कुमार मृतका की सहेली और सहकर्मी शिक्षिका का पति है। उसने 19 लाख रुपये के विवाद में रजनी की हत्या की और वारदात का राज खुलने के डर से उनके बेटे सुजल को भी मार डाला।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतका का मोबाइल, ज्वेलरी और अन्य सामान बरामद किया है। वारदात में इस्तेमाल की गई कार भी जब्त की गई है। मामले की जांच सूरजपुर पुलिस और अंबिकापुर साइबर सेल की संयुक्त टीम ने की।

सड़क किनारे मिली थी सुजल की लाश

10 अक्टूबर 2026 की सुबह जयनगर थाना क्षेत्र के महावीरपुर में नेशनल हाईवे-43 से जुड़ी ग्रामीण सड़क के किनारे एक युवक का शव मिला था। उसकी पहचान विश्रामपुर के कार्मल कॉन्वेंट स्कूल में कक्षा 12वीं के छात्र सुजल बरेठ के रूप में हुई।

जांच के दौरान पुलिस को सुजल की स्कूटी घर से करीब 500 मीटर दूर एक पेट्रोल पंप पर लावारिस हालत में खड़ी मिली। देर रात पुलिस उसके घर पहुंची तो मुख्य दरवाजे पर ताला लगा था और उसकी मां रजनी बरेठ का भी पता नहीं चल रहा था।

रिश्तेदारों की मौजूदगी में घर का ताला खुलवाया गया। अंदर बाथरूम में रजनी बरेठ (40) का शव मिला। वह बेलटिकरी के सरकारी स्कूल में शिक्षिका थीं। पति से तलाक के बाद वह अपने बेटे के साथ विश्रामपुर थाना क्षेत्र के केशवनगर में किराये के मकान में रह रही थीं।

CCTV फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए सूरजपुर पुलिस ने अंबिकापुर साइबर सेल की मदद ली। जांच टीम ने आसपास के CCTV फुटेज खंगाले और संदिग्धों के मोबाइल फोन की लोकेशन की पड़ताल की।

पुलिस के मुताबिक, फुटेज में एक व्यक्ति रजनी के घर की ओर जाता दिखाई दिया था। जांच में ऐसा ही कपड़ा पहने एक व्यक्ति विश्रामपुर के कार वॉशिंग सेंटर में कार धुलवाने पहुंचा था। कार के नंबर के आधार पर पुलिस आरोपी प्रवेश कुमार तक पहुंची।

जांच के दौरान आरोपी की भूमिका संदिग्ध मिलने पर पुलिस ने उससे पूछताछ की। इसके बाद उसे घटनास्थल पर ले जाकर वारदात का क्राइम सीन रिक्रिएशन कराया गया। पुलिस आरोपी को अंबिकापुर के तेंदूपारा भी ले गई, जहां एक परिचित के घर से मोबाइल फोन, ज्वेलरी और अन्य सामान बरामद किए जाने की बात कही गई है।

19 लाख रुपये के विवाद में हत्या

सूरजपुर पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी और रजनी बरेठ एक ही स्कूल में शिक्षिका थीं। इसी वजह से उसका रजनी के घर आना-जाना था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने मोटर पार्ट्स के कारोबार के लिए करीब 20 लाख रुपये का कर्ज लिया था और उसे पैसों की जरूरत थी। रजनी ने भी 19 लाख रुपये का लोन लिया था। आरोप है कि 9 अक्टूबर को आरोपी अपनी कार वॉशिंग सेंटर में छोड़कर पैदल रजनी के घर पहुंचा।

शाम को रजनी ड्यूटी से लौटीं, जबकि सुजल ट्यूशन के लिए घर से निकला हुआ था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने रजनी से पैसे मांगे। मना करने पर दोनों के बीच झूमाझटकी हुई। आरोप है कि रजनी के भागने की कोशिश करने पर आरोपी उन्हें बाथरूम में खींच ले गया, जहां शैम्पू की बोतल से सिर पर वार करने और गला दबाने से उनकी मौत हो गई।

बेटे को बहाने से कार में ले गया, फिर मार डाला

पुलिस के अनुसार, आरोपी को आशंका थी कि सुजल घर में उसकी मौजूदगी के बारे में जानता था। आरोप है कि वह सुजल की वापसी का इंतजार करने लगा और रात करीब 9 बजे उसे मिला तो उसकी मां के अपने घर पर होने की बात कहकर कार में बैठा लिया।

इसके बाद वह सुजल को लेकर अंबिकापुर की ओर गया और उसे मैगी खिलाई। पुलिस का कहना है कि रात में राईं जंगल के पास आरोपी ने सुजल पर हमला किया। सुजल के भागने की कोशिश करने पर सड़क किनारे पड़े सीमेंट के खंभे के टुकड़े से उसके सिर और सीने पर वार कर दिया। आरोपी ने शव कार में रखा और कालीघाट के पास ग्रामीण सड़क किनारे फेंक दिया।

साभार: Asian News Bharat

Asian News Bharat
मीडिया पार्टनर साभार (Syndicated) Asian News Bharat
मूल लेख पढ़ें
दोस्तों के साथ साझा करें
OneChhattisgarh संपादकीय डेस्क
संपादकीय डेस्कOneChhattisgarh संपादकीय डेस्क

OneChhattisgarh.Com संपादकीय टीम — छत्तीसगढ़ की ताज़ा खबरें, सरकारी योजनाएं, रोजगार समाचार व जनहित के मुद्दों पर निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता।

सभी लेख देखें →
सम्बन्धित समाचार

यह भी पढ़ें (सम्बंधित ख़बरे)