Raipur City Crime : 4 साल की बच्ची के अपहरण का चंद घंटों में खुलासा, महाराष्ट्र से आरोपी के चंगुल से सकुशल बरामद

Raipur City Crime : रायपुर। सरस्वती नगर थाना क्षेत्र से 4 साल की बच्ची के अपहरण की सूचना के बाद रायपुर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए बच्ची को नागपुर ग्रामीण, महाराष्ट्र से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपी अमृत पाल सिंह (32) को भी गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
रिपोर्ट मिलते ही हरकत में आई पुलिस
जानकारी के अनुसार, 5 अक्टूबर 2026 को बच्ची के परिजन ने सरस्वती नगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि अमृत पाल सिंह नामक व्यक्ति उनकी 4 वर्षीय बेटी को उठाकर ले गया है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को मामले से अवगत कराया गया और तत्काल अपराध दर्ज कर बच्ची की तलाश शुरू की गई। पुलिस आयुक्त डॉ. सजीव शुक्ला और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कामले के निर्देश पर पुलिस टीम को तत्काल कार्रवाई के लिए लगाया गया।
CCTV और लोकेशन से महाराष्ट्र तक पहुंची पुलिस
पुलिस उपायुक्त वेस्ट जोन राबिन्सन गुरिया, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा के निर्देशन और सहायक पुलिस आयुक्त ईशु अग्रवाल के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक चेतन चन्द्राकर के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज और आरोपी की लोकेशन का विश्लेषण किया। जांच में आरोपी के बच्ची को लेकर महाराष्ट्र की ओर जाने की जानकारी सामने आई। इसके बाद टीम तत्काल महाराष्ट्र रवाना हुई और साकोली पुलिस एवं मौदा पुलिस को भी सूचना दी गई।
मौदा टोल प्लाजा पर पकड़ा गया आरोपी
लगातार तलाश और पुलिस टीमों के समन्वय के बाद आरोपी को मौदा टोल प्लाजा के पास बच्ची के साथ पकड़ लिया गया। पुलिस ने बच्ची को आरोपी के कब्जे से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपी अमृत पाल सिंह, उम्र 32 वर्ष, मूल निवासी अमृतसर, पंजाब को गिरफ्तार कर लिया। वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। बच्ची को सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द किया गया।
साभार: Asian News Bharat


